उत्तर कोरिया में 11 दिनों का लगा प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर कड़ी सजा
न्यूज़ डेस्क:- उत्तर कोरिया अपने अजीबोगरीब नियमों के लिए कुख्यात है। अब किम जोंग उन सरकार ने हंसने, शराब पीने, किराने की खरीददारी पर प्रतिबंध लगा दिया है। क्योंकि प्योंगयांग अपने पूर्व नेता किम जोंग इल की 10वीं बरसी मना रहा है। आमतौर पर हर साल 10 दिन का शोक मनाया जाता रहा है। पर इस साल ये शोक की अवधि 11 दिनों के लिए है क्योंकि यह 10वीं बरसी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक तानाशाह किम ने 11 दिनों तक पूरे देश में लोगों के हंसने तक पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही शराब पीने और किसी भी तरह के आयोजन करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
मीडिया से बात करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा है कि इतिहास में शोक की अवधि के दौरान शराब पीने या नशे में पकड़े जाने वाले कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें वैचारिक अपराधियों के रूप में माना जाता था। उन्हें ले जाया गया और फिर कभी नहीं देखा गया। लोगों ने बताया है कि इस दौरान आप जन्मदिन भी नहीं मना सकते हैं। यदि शोक की अवधि के दौरान आपके परिवार में किसी की मौत हो जाती है फिर भी आप जोर से रो नहीं सकते हैं। इतना ही नहीं 11 दिनों के शोक के बाद ही आप शव का अंतिम संस्कार कर सकते हैं।
रिपोर्ट :- प्रतिमा