
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित मिलन समारोह में सैकड़ों युवाओं ने भाजपा की नीतियों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सिवान मुखिया संघ के उपाध्यक्ष और हसुआ पंचायत के मुखिया चंदन सिंह ने भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने पार्टी में आने वाले सभी लोगों की सदस्यता ग्रहण करवाई और पार्टी में स्वागत किया।
सिवान के पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव सहित सिवान के विधायक और जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी भी मिलन समारोह मे शामिल रहे।
भाजपा में आने वाले लोगों का स्वागत करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की सेना के जवानों से तुलना करते हुए कहा कि एक सेना देश की सरहद की रक्षा करती है तो भाजपा के कार्यकर्ता भी सेना की तरह देश के अंदर विरासत, संस्कृति और विचारधारा की रक्षा करते हैं। आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल इसलिए है कि इस पार्टी के कार्यकर्ता समर्पण भाव से पार्टी के लिए कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज सिवान के लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं, यह ऐतिहासिक पल है। क्योंकि इसी सिवान में क्या क्या होता था लोग भूले नहीं हैं, लेकिन अब सिवान बदल गया है। भाजपा सदैव समाज के लोगों के साथ जुड़कर समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों की चिंता करती है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकसित हो रहा है, बिहार आगे बढ़ रहा है। बिहार के अंदर अब लालटेन युग समाप्त हो गया है, अब बिजली युग आ गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि भाजपा अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर चलती है। अपराध को हम स्वीकार नहीं कर सकते हैं।
भाजपा में आने वाले लोगों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि आज से आप भाजपा परिवार के सदस्य बन गए हैं। अब हम आपके सुख और दुख में साथ हैं।
इस मौके पर हसुआ पंचायत के मुखिया चंदन सिंह के अलावा पूर्व जिला पार्षद राजीव रंजन पांडेय, जय प्रकाश पांडेय, अभिषेक पांडेय, अरुण सिंह, अशोक साह, उदय शंकर सिंह, सिवान नगर परिषद की चेयरमैन सेम्पी गुप्ता, नीरज पटेल, अरविंद मांझी, सतीश मांझी, अखिलेश मांझी, राजू मांझी, विरजु मांझी, रंजीत मांझी प्रमुख हैं।
इस मौके पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों का स्वागत करते हुए बिहार के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने कहा कि आज भाजपा के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ा है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि यह पार्टी जो कहती है, वह करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा किसी परिवार या किसी जाति की पार्टी नहीं है, बल्कि इस पार्टी का आम कार्यकर्ता भी पार्टी के सर्वोच्च पद पर पहुंच सकता है। यही इस पार्टी की विशेषता है। इस पार्टी के सर्वोच्च पद पर पहुंचने के लिए किसी खास व्यक्ति का पुत्र होना और किसी खास जाति से आने की जरूरत नहीं होती है, बल्कि उसकी मेहनत और कार्यकर्ता की कर्तव्यपरायणता ही उसकी पहचान होती है।