
पटना के ज्ञान भवन में राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ तनवीर हसन की अध्यक्षता में राष्ट्रीय जनता दल के बिहार ईकाई के राज्य परिषद की आज हुई बैठक में करतल ध्वनि के बीच मंगनीलाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने की औपचारिक घोषणा की गई साथ हीं उन्हें इसका प्रमाणपत्र सौंपा गया।
इसके पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। अपने उद्घाटन भाषण में श्री प्रसाद ने कहा कि मंगनीलाल मंडल जी पुराने समाजवादी हैं सामाजिक न्याय की लड़ाई में इनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी ने निर्विरोध एक ऐसे व्यक्ति को प्रदेश का अध्यक्ष निर्वाचित किया है जिसने लम्बे दिनों तक जननायक कर्पूरी ठाकुर जी और लालू प्रसाद जी जैसे नेताओं के साथ समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की धारा को मजबूती प्रदान करने के लिए संघर्षरत रहे हैं। मंडल जी को संगठन का लम्बा अनुभव रहा है। जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के कार्यकाल की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूती प्रदान करने में उनका योगदान काफी महत्वपूर्ण रहा है। बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामचन्द्र पूर्वे, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्रीमती कांति सिंह, पूर्व मंत्री अनिता देवी , सांसद अभय कुशवाहा ने भी सम्बोधित किया। पूर्व मंत्री शिवचन्द्र राम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव द्वारा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के मनोनयन एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ सुनिल कुमार सिंह ने राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों के मनोनयन हेतु पार्टी नेतृत्व को अधिकृत करने सम्बन्धी प्रस्ताव पेश किया गया जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री अली असरफ फातिमी, जय प्रकाश नारायण यादव, सांसद डॉ मीसा भारती, संजय यादव,सुधाकर सिंह, पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, पूर्व मंत्री ललित यादव,शिवचन्द्र राम, डॉ शमीम,राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, बीनू यादव,प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह,भाई बीरेंद्र, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन, प्रदेश कोषाध्यक्ष मो कामरान, पूर्व विधायक सतीश कुमार आदि मंचासिन थे । बैठक में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक ,विधान पार्षद, पूर्व विधायक एवं विधान पार्षद सहीत राज्य परिषद के सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य उपस्थित थे।