भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने महागठबंधन को लचर गठबंधन बताते हुए कहा कि महागठबंधन की ओर से जो प्रेस वार्ता की गई, उसके पीछे लगी तस्वीर पर भी मात्र एक नेता की तस्वीर थी। इसमें से भी राहुल गांधी गायब थे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ने आज नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन की सरकार में कराए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्हें बताना चाहिए कि उस समय आपके मुख्यमंत्री कौन थे? आपके भ्रष्टाचार को देखकर ही नीतीश कुमार आपसे अलग हुए थे।

उन्होंने तेजस्वी यादव द्वारा कराए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए सवाल किया, “वे भ्रष्टाचार की किस कहानी पर विश्वास करते हैं खुद की या अपने पिताजी, माताजी और अपने सहयोगियों की? आज देश और राज्य को यह बताना जरूरी है कि तेजस्वी यादव के पिताजी और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव को चारा घोटाले के चार मामलों में सजा हो चुकी है। 32 साल पांच महीने की सजा हो चुकी है।”
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने तेजस्वी यादव के भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस का दावा करने पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पिताजी को 32 साल की सजा हो चुकी है। अलकतरा घोटाले में भी उनके अधिकारियों को सजा हो चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा एक मामले में 27 अक्टूबर से ट्रायल चलने वाला है। इसमें आरोप तय हो चुके हैं। यह जानना जरूरी है कि यह मामला क्या है। इसमें लालू यादव के रेल मंत्री रहते रेलवे के दो होटलों को नियम के विरुद्ध दे दिया गया था। इसके एवज में पटना में साढ़े तीन एकड़ जमीन दी गई। कोर्ट ने सारे मामले में कहा कि यह भ्रष्टाचार का बड़ा गंभीर मामला है।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव इस मामले में यानी 420 आईपीसी के आरोपी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह एनडीए सरकार के समय का नहीं है।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि और कई मामलों में ट्रायल चल रहा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव का मॉडल पहले से ही क्लियर है। होटल और नौकरी लो और जमीन दो।
उन्होंने बिहार के लोगों को तेजस्वी यादव से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि जो इनका बैकग्राउंड है वह भ्रष्टाचार वाला है। इनका कोई भी काम भ्रष्टाचार के बिना पूरा नहीं होता।
उन्होंने कहा कि एनडीए जो कहता है वह करता है जबकि इंडिया गठबंधन अब तक की गई घोषणाओं को अपने राज्यों में पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने बिहार के सभी परिवारों को तेजस्वी के नौकरी दिए जाने पर भी सवाल उठाए। इसके अलावा संविदा कर्मियों के स्थायी करने के सवाल पर भाजपा नेता ने कहा कि उनकी घोषणा छलावा है। उन्होंने तेजस्वी यादव की घोषणाओं को शुद्ध हवाबाजी करार दिया।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हमारा काम तेजस्वी यादव की राजनीतिक विरासत को एक्सपोज करना है बाकी तो एनडीए सरकार काम तो कर ही लेगी। उन्होंने कई कार्यों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता राजद को जानती है। उन्होंने जंगलराज को लेकर कहा कि भ्रष्टाचार, खौफ, लूट, डर यही जंगलराज है और यह ऊपर से शुरू होता है।
उन्होंने कहा कि राजद भी जानती है कि सत्ता तो आनी नहीं है, इसलिए घोषणा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी सवाल उठाए।
आज के इस प्रेस वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी एवं विधान पार्षद डॉ संजय मयूख, राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल उपस्थित रहे।
