बिहार विधान सभा में प्रश्नकाल के दौरान सदस्य श्री सियाराम सिंह द्वारा बाढ़ की प्रसिद्ध खोबी की लाई को जी० आई० टैग दिलाने से संबंधित तारांकित प्रश्न उठाया गया, जिस पर हुई चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने बड़हिया का रसगुल्ला, सदस्य श्री भाई वीरेन्द्र ने मनेर के लड्डू सहित कई सदस्यों ने अपने–अपने क्षेत्रों के विशिष्ट उत्पादों को जी० आई० टैग दिलाने की मांग की। अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने कहा कि गया जी के प्रसिद्ध तिलकुट के जी० आई० टैग से संबंधित मामला भी विचाराधीन है । जिस पर संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आसान के निदेश पर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। उद्योग मंत्री श्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि इस संबंध में आसन के निदेश के आलोक में अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने वसंतोत्सव के दौरान बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने की मांग की ।

अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने कहा कि समयाभाव के कारण इस सत्र में वसंतोत्सव के दौरान प्रदर्शनी की व्यवस्था करा पाना संभव नहीं है । उन्होंने सदन की भावना को देखते हुए कहा कि आगामी सत्र से सत्रावधि के दौरान विधान सभा में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के जी० आई० टैग प्राप्त एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय हेतु स्टॉल लगाने हेतु स्थान मुहैया करा दिया जायेगा । इससे बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के जी० आई० टैग प्राप्त एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों को प्रोत्साहन एवं वृहत पहचान मिलेगी।
