March 24, 2026

Blog

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत निर्माणाधीन अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय एवं निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 12,668 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 270 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना अंतर्गत द्वितीय एवं तृतीय किस्त की 1 करोड़ 14 लाख 25 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, सामाजिक पुनर्वास कोष योजना के तहत सांकेतिक चेक, रैन बसेरा अंतर्गत सुयोग्य श्रेणी के लाभुकों को सरकारी भूमि की बंदोबस्ती का प्रमाणपत्र, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत जीविका दीदियों को 279 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक, सतत् जीविकोपार्जन योजना अंतर्गत ई-रिक्शा की चाभी, दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल की चाबी आदि लाभुकों को प्रदान किया। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आपके द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। कई अनूठी योजनाएं भी चलाई जा रही है। इसके जरिए हम सभी महिलाएं आर्थिक रुप समृद्ध बनने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हैं। हम सभी आपके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी जीविका दीदियों को बधाई है। आप सभी बहुत अच्छा काम कर रही हैं। आगे भी इसी प्रकार से पूरे लगन के साथ अपने काम में जुटे रहिए। बिहार के विकास में आप सभी महिलाओं का भी अहम योगदान है।

मुख्यमंत्री ने जंगल सफारी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी, कैमूर में भ्रमण हेतु 4 पर्यटकीय वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इन योजनाओं में कैमूर में मोहनिया, अधौरा, चैनपुर, चांद, भगवानपुर, रामपुर, कुदरा एवं नुआंव समेत कुल 8 प्रखंडों में नये प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कार्य, कैमूर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य, अधौरा में डिग्री कॉलेज का निर्माण, बगही कुराड़ी लिंक नहर योजना का पुनर्स्थापन कार्य, सोन-कोहिरा लिंक सिंचाई योजना, कैमूर में प्रेक्षागृह का निर्माण कार्य, जमानियां से ककरैत गंगाजल उद्वह सिंचाई योजना, अधौरा पहाड़ स्थित पर्यटन स्थल करकटगढ़, तेल्हाड़

कुंड एवं वंशीखोह में पर्यटकीय सुविधाओं का विकास, मोहनिया डडवां बाइपास पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य आदि शामिल है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी विकास योजनाओं का काम समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूरा कराएं। इन सभी योजनाओं के पूरा हो जाने के बाद इलाके का और अधिक विकास होगा।

मुख्यमंत्री ने कैमूर जिला अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के समीप आयोजित कार्यक्रम में 209 करोड़ रुपये की लागत से 204 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 162 करोड़ रुपये की लागत से 161 योजनाओं का उद्घाटन तथा 47 करोड़ रुपये की लागत से 43 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र, नौघरा का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र नौघरा में पढ़ रहे बच्चों से बातचीत कर उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, कृषि एवं कैमूर जिला के प्रभारी मंत्री श्री रामकृपाल यादव, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो० जमां खान, विधायक श्री भरत बिंद, विधायक श्रीमती संगीता कुमारी, विधान पार्षद श्री संतोष कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री अनिमेष कुमार पराशर, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ० सत्य प्रकाश, कैमूर जिलाधिकारी श्री नितिन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री हरी मोहन शुक्ला सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।