बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर आज शाम बिहार भाजपा ने उनके प्रतिमा स्थलों पर दीपोत्सव का आयोजन किया। इस मौके पर पटना उच्च न्यायालय परिसर स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी पटना उच्च न्यायालय परिसर स्थित बाबा साहेब प्रतिमा स्थल पहुंचे और बाबा साहेब की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब की जयंती को दीपोत्सव के रूप में मनाने का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और समतामूलक समाज, एकता और भाईचारे का संदेश देना है।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब की जयंती पर यह संकल्प लें कि अपने बच्चों को शिक्षित कर अपने हक और अधिकार को प्राप्त कर देश के जिम्मेदार नागरिक बनें और बाबा साहेब के सपनों का देश बनाने का संकल्प लें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि जब तक देश के शोषित और वंचित समाज को विकास की मुख्यधारा में नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक विकसित भारत की कल्पना अधूरी रहेगी। उन्होंने कहा कि आज एनडीए की सरकार बाबा साहेब के सपनों को पूरा करने में जुटी है।
इस दीपोत्सव कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस मौके पर बाबा साहेब का प्रतिमा स्थल दीपों की रोशनी से रोशन हो गया.
