मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज कदमकुआं स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के आवास (महिला चरखा समिति) परिसर में स्थापित लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं उनकी धर्मपत्नी स्व० प्रभावती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला चरखा समिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जयप्रकाश अध्ययन एवं शोध केंद्र, प्रभावती स्मृति कक्ष, शयन कक्ष, सम्पूर्ण क्रांति सभागार आदि का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने महिला चरखा समिति के फोटो गैलरी कक्ष में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के प्रारंभिक जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन एवं 1974 के जे०पी० आंदोलन (सम्पूर्ण क्रांति) से संबंधित लगाई गई तस्वीरों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की धर्मपत्नी एवं महिला चरखा समिति की संस्थापिका स्व० प्रभावती देवी के जीवन से जुड़ी फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने महिला चरखा समिति से जुड़ी महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के सपने को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं श्री नीतीश कुमार साकार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने महिला चरखा समिति के विजिटर्स बुक में हस्ताक्षर कर अपनी उपस्थिति दर्ज की। महिला चरखा समिति से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया तथा उनके साथ सामूहिक तस्वीर खिंचवाई। स्थानीय लोगों ने भी मुख्यमंत्री को फूल माला भेंटकर ढोल-नगाड़ों के साथ अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से जुड़े पत्रकारों के सवाल पर कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार लोकसभा एवं विधानसभाओं में इस देश की सभी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने जा रही है। पूरा बिहार उनके इस फैसले के साथ खड़ा है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी देश की सभी बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें मजबूती देने का काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक डॉ० दिलीप जायसवाल, पूर्व विधायक श्री अरुण कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित महिला चरखा समिति जुड़ी महिलाएं तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।
