जद (यू) के नेता श्री निशांत कुमार आज पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से बारी-बारी से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी का कुशलक्षेम जाना एवं अभिवादन स्वीकार किया।
इस दौरान श्री निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मा0 श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पार्टी को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में श्री नीतीश कुमार ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर ‘‘न्याय के साथ विकास’’ की अवधारणा को साकार किया है तथा विकास की किरणों को अंतिम पंक्ति तक पहुँचाया है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि श्री नीतीश कुमार ने अपनी दूरदर्शी नीतियों और अथक परिश्रम से बिहार की तस्वीर बदली है, विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और प्रगति की नई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इसलिए पार्टी के सभी साथी बीते 20 वर्षों के कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएँ और उन्हें इन उपलब्धियों से अवगत कराएँ।
श्री निशांत कुमार के आगमन पर पार्टी कार्यालय में उत्साह और उमंग का अभूतपूर्व माहौल देखने को मिला। उनके स्वागत में बड़़़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जोश और ऊर्जा के साथ नारे लगाते हुए पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। हर कोई उनसे मिलने और उनका अभिवादन करने को उत्सुक नजर आया।
साथ ही इस दौरान श्री निशांत कुमार ने विधान पार्षद सह पार्टी के पूर्व प्रवक्ता श्री संजय सिंह, मा0 विधायक श्री राहुल सिंह, मा0 विधायक श्री अभिषेक, मा0 विधायक श्री मांजरिक मृणाल, मा0 विधायक श्री आदित्य कुमार, मा0 विधायक श्री शुभानंद मुकेश एवं विधायक श्री रुहेल रंजन से मुलाकात की।
इस दौरान विधान परिषद में मा विधानपार्षद श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
