दानापुर मंडल ट्रेन परिचालन के साथ-साथ अपने यात्रियों की हर सुविधा का विशेष ध्यान रखता है। इसके साथ ही समय-समय पर आवश्यकता के अनुसार विशेष व्यवस्था या तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में गर्मी के मौसम को देखते हुए पटना जंक्शन में वाणिज्य विभाग द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए नि:शुल्क शरबत एवं जल का विशेष प्रबंध किया गया है ताकि यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके। इस अभियान में पटना जंक्शन के सीटीआई श्री राजेश कुमार सहित श्री मनीष कुमार एवं श्री विजय कुमार ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

पटना जंक्शन के अलावा राजेंद्रनगर टर्मिनल, दानापुर, पाटलिपुत्र जंक्शन, आरा आदि जैसे सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेषकर सामान्य कोचों के यात्रियों के लिए पहले से उपलब्ध पानी के नलों के अतिरिक्त, शीतल जल की व्यवस्था निःशुल्क की जा रही है। यात्रियों के लिए आवश्यकता के अनुसार समय-समय पर ठंडे शरबत और इसी तरह के अन्य पेय पदार्थों की निःशुल्क व्यवस्था लगातार करने की योजना है।

इस अभियान को सफल बनाने के लिए वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अभिनव सिद्धार्थ ने यात्रियों से विशेष अपील की है,कि
1. सतर्कता के रूप में, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे गर्मियों के दौरान पानी, ओआरएस और छाछ जैसे तरल पदार्थों का पर्याप्त मात्रा में सेवन करके खुद को हाइड्रेटेड रखें।
2. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे धूप से बचाव के लिए छाते, टोपी, कैप या तौलिये का इस्तेमाल करें।
3. लंबी कतारों से बचने के लिए, यात्रियों को RailOne ऐप का उपयोग करके डिजिटल रूप से टिकट बुक करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

4. प्रमुख स्टेशनों पर वातानुकूलित प्रतीक्षालय निःशुल्क या मामूली शुल्क पर उपलब्ध हैं। दोपहर की भीषण गर्मी से बचने के लिए इनका उपयोग भी किया जा सकता है।
5. किसी भी अतिरिक्त सहायता के लिए, यात्री रेलमदद (139/ रेलवन ऐप) के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं या ड्यूटी पर मौजूद किसी भी रेलवे कर्मचारी से संपर्क कर सकते हैं, जिसमें स्टेशन मास्टर, टिकट चेकिंग स्टाफ या आरपीएफ कर्मी शामिल हैं।
प्रमुख माल गोदामों में श्रमिकों के लिए भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। लोडिंग/अनलोडिंग एजेंसियों को भी इस संबंध में विशेष निर्देश दिया गया है।
