भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों की सफलता को लेकर प्रदेश टोली के सदस्यों की आज जूम द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। यह अभियान आगामी 5 जून से 21 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी द्वारा की गई, जिसमें आगामी दिनों में आयोजित होने वाले आठ प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारी, जनसंपर्क अभियान तथा बूथ स्तर तक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं को जन-जन तक केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए केंद्र सरकार ने अनेक जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करते हैं तथा यही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने एवं अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसनिया ने संगठन की मजबूती, अनुशासन और बूथ स्तर पर सक्रियता को अभियान की सफलता का मूल आधार बताया।
बैठक में प्रदेश टोली के सभी सदस्यों ने अभियान को सफल बनाने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
