भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2014 से प्रारंभ हुई यह विकास यात्रा आज भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली ऐतिहासिक यात्रा बन चुकी है। बीते 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने 13 मई 1952 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. नेहरू लगातार 4397 दिन यानी 12 साल 14 दिन तक प्रधानमंत्री रहे थे. पीएम मोदी ने 9 जून को सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री का नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया. निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने 4398 दिन यानी 12 साल 15 दिन पूरे कर लिए हैं
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं बल्कि जनसेवा का साधन बनाया है। उनकी दूरदर्शी सोच, निर्णायक नेतृत्व और राष्ट्र प्रथम की भावना ने भारत को नई पहचान प्रदान की है। आज भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ राष्ट्र है, जो विश्व के सामने मजबूती से अपनी बात रखता है और वैश्विक निर्णयों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।
श्री सरावगी ने कहा कि मोदी सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को आधार बनाकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को पक्का घर मिला, उज्ज्वला योजना के माध्यम से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली, आयुष्मान भारत योजना ने गरीबों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना ने करोड़ों परिवारों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की।
उन्होंने कहा कि जनधन खाते, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, डिजिटल भुगतान और आधार आधारित व्यवस्था ने भ्रष्टाचार एवं बिचौलियों की भूमिका को समाप्त करते हुए पारदर्शी शासन की नई मिसाल स्थापित की है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, पीएम गति शक्ति, उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना और डिजिटल इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। विदेशी निवेश के नए रिकॉर्ड स्थापित हुए हैं, बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। भारत आज नवाचार, तकनीक और उद्यमिता का वैश्विक केंद्र बनकर उभरा है।
श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। आज भारत की आवाज वैश्विक मंचों पर प्रभावशाली ढंग से सुनी जाती है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में भारत की बढ़ती भूमिका और वैश्विक चुनौतियों पर भारत के नेतृत्व ने देश की प्रतिष्ठा को नई पहचान दी है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत को केवल एक बड़े बाजार के रूप में नहीं बल्कि एक विश्वसनीय साझेदार, मजबूत लोकतंत्र और उभरती वैश्विक शक्ति के रूप में देख रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रश्न पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया। सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत किया गया, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला तथा आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई। सशस्त्र बलों को आधुनिक संसाधनों से सशक्त बनाकर देश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार को विकास की नई गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों, पुलों, रेलवे परियोजनाओं, हवाई अड्डों, शिक्षा संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं और डिजिटल अवसंरचना के क्षेत्र में केंद्र सरकार ने बिहार को विशेष प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने बिहार को विकास के नए पथ पर अग्रसर किया है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और निवेश7 के क्षेत्र में हुए कार्यों ने राज्य के विकास को नई दिशा दी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम, उज्ज्वला योजना, मातृत्व लाभ योजनाओं तथा स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देकर महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया गया है।
किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि अवसंरचना निवेश तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया गया है। वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप और रोजगारोन्मुख योजनाओं के माध्यम से नए अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
श्री सरावगी ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का विवरण नहीं बल्कि विकसित भारत के संकल्प की मजबूत नींव हैं। अमृतकाल में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। देश का प्रत्येक नागरिक इस परिवर्तनकारी यात्रा का सहभागी है और विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अंत में श्री सरावगी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। आने वाले वर्षों में भारत विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करेगा।
“12 वर्ष सेवा के, 12 वर्ष सुशासन के, 12 वर्ष गरीब कल्याण के, 12 वर्ष आत्मनिर्भर भारत के, 12 वर्ष विकसित भारत की मजबूत नींव के।”
