बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने पश्चिम बंगाल प्रवास के क्रम में बीरभूम जिले स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ तारापीठ में सपरिवार पहुंचकर मां तारा का दर्शन एवं विधिवत पूजन-अर्चना किया। इस अवसर पर उन्होंने मां तारा से बिहार सहित समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि तारापीठ भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और शक्ति उपासना का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां आकर आत्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि मां तारा की कृपा से समाज में सद्भाव, भाईचारा और जनकल्याण की भावना सुदृढ़ हो तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो, यही उनकी प्रार्थना है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है, जो लोगों को एकता, सेवा और मानव कल्याण का संदेश देती है। ऐसे पवित्र स्थलों के दर्शन से आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी बल मिलता है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कामना की कि मां तारा का आशीर्वाद बिहार एवं देश की समस्त जनता पर सदैव बना रहे और प्रत्येक परिवार सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं उन्नति के पथ पर अग्रसर हो।
