बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज 12:00 बजे मध्याह्न में अपने कार्यालय कक्ष में दिनांक 11–07–2026 एवं 12–07–2026 को गया जी स्थित बिपार्ड में नव निर्वाचित सदस्यगण के लिए आयोजित होने वाले प्रबोधन कार्यक्रम के संबंध उप मुख्यमंत्री श्री विजय चौधरी एवं बिहार सरकार तथा सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

बैठक में दिनांक 11–07–2026 एवं 12–07–2026 को गया जी स्थित बिपार्ड में आयोजित होने वाले अष्टादश बिहार विधान सभा के नव निर्वाचितसदस्यगण के प्रबोधन कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में विस्तारपूर्वक विचार–विमर्श किया गया। यह कार्यक्रम बिहार विधान सभा सचिवालय, प्राइड ( लोक सभा ) एवं बिपार्ड ( बिहार सरकार ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला, राज्यसभा के उप सभापति श्री हरिवंश, मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्रीगण श्री विजय चौधरी एवं श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव , बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार, बिहार विधान परिषद् के सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह सहित अन्य गणमान्य महानुभाव शामिल होंगे। इस दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान लोक सभा की संस्था प्राइड के प्रशिक्षकगण विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों में सदस्यों को विधायी कार्यों के विविध पहलुओं से अवगत कराएंगे।

अध्यक्ष ने उपस्थित पदाधिकारियों को प्रतिभागियों एवं रिसोर्स पर्सन आदि के आवासन, प्रोटोकॉल, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, गाड़ी पार्किंग एवं कार्यक्रम के मीडिया कवरेज सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निदेश दिया। उप मुख्यमंत्री श्री विजय चौधरी ने कहा कि सरकार इस कार्यक्रम में पूरा सहयोग करेगी। बिपार्ड के महानिदेशक श्री बी० राजेंद्र ने माननीय अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि सभा सचिवालय के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित कर ली जायेंगी।

इस बैठक में बिपार्ड के महानिदेशक श्री बी० राजेंद्र, अपर पुलिस महानिदेशक विधि–व्यवस्था श्रीमती के० सुहिता अनुपम, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ० सफीना ए० एन०, पुलिस महानिरीक्षक श्री विकास वैभव, गया जी के जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं सभा सचिवालय की प्रभारी सचिव सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
