भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2025 के बिहार विधान सभा चुनाव के दौरान जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना शुरुआत करने की घोषणा की थी। लेकिन अभी तक किसानों को योजना की पहली किश्त की भी राशि नहीं मिली है जबकि बिहार में जदयू से भाजपा के हाथ में सत्ता का स्थानांतरण भी हो गया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य सरकार से जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि की राशि तत्काल जारी करने की मांग करती है।

भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के बिहार बजट में कहा गया है कि राज्य सरकार के संकल्प अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की तर्ज पर जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि की शुरूआत की जायेगी। इसके अंतर्गत किसानों को प्रतिवर्ष 3000 रुपये अतिरिक्त राशि दी जायेगी। केंद्र सरकार द्वारा चालू वित्तीय वर्ष अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पहली किश्त की राशि 21 जून 2026 को जारी की गई, लेकिन प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि की राशि जारी नहीं की गई। अभी खरीफ फसलों की रोपाई-बोआई हो रही है, इस अवसर पर भी घोषणा के बाद भी राशि जारी नहीं किया जाना सरकार की किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य सरकार से निबंधित सभी किसानों के बैंक खाते में जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि की राशि भेजने की मांग करती है।
