बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जननायक श्री नीतीश कुमार के सुशासन, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और विकासोन्मुखी कार्यों को अकादमिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल को बड़ी सफलता मिली है। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में “नीतीश चेयर” की स्थापना हेतु पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, युवा जनता दल (यूनाइटेड), डॉ. अंकित तिवारी द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है।
डॉ. अंकित तिवारी ने कहा कि श्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में बिहार को शिक्षा, सुशासन, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की नई दिशा दी है। ऐसे में उनके नाम पर विश्वविद्यालय स्तर पर एक अकादमिक चेयर की स्थापना न केवल उचित है, बल्कि यह बिहार के विकास मॉडल को शोध, अध्ययन और विमर्श के केंद्र में लाने की ऐतिहासिक पहल भी है।

उन्होंने कहा कि “नीतीश चेयर” के माध्यम से सुशासन, लोक नीति, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और बिहार के विकास मॉडल पर अध्ययन, शोध, व्याख्यान, संगोष्ठियों एवं अकादमिक प्रकाशनों को नई गति मिलेगी। इससे छात्र-छात्राओं और शोधार्थियों को समकालीन शासन व्यवस्था और जनकल्याणकारी नीतियों को समझने का एक सशक्त मंच प्राप्त होगा।
डॉ. अंकित तिवारी ने विश्वविद्यालय प्रशासन तथा तत्कालीन कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल एक औपचारिक स्वीकृति नहीं, बल्कि बिहार के विकास, सुशासन और जनहितकारी राजनीति को शैक्षणिक मान्यता देने की दिशा में एक दूरगामी और सराहनीय कदम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में बिहार के अन्य विश्वविद्यालय भी इस प्रकार की अकादमिक पहल करेंगे और राज्य के विकास मॉडल, सुशासन तथा जनकल्याण आधारित नीतियों को नई बौद्धिक ऊँचाई प्रदान करेंगे।
