बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा का जनसंपर्क अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। आज उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों और वार्डों में व्यापक जनसंपर्क कर नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा आगामी 30 जुलाई को क्रम संख्या-2 पर कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा-एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

दिनभर चले अभियान के दौरान नीरज सिन्हा ने शहीद राम गोविंद सिंह मंडल के वार्ड संख्या-30, जनकपुर मंडल के वार्ड संख्या-16, कृष्णा मंडल के तिकोनिया पार्क, श्रीकृष्णापुरी तथा बोरिंग रोड चौराहा से विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए चैनपुर गेट संख्या-33 तक जनसंपर्क किया। इसके अलावा उन्होंने बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन भवन में आयोजित व्यवसायिक वर्ग एवं सम्मानित नागरिक सम्मेलन में भी भाग लेकर व्यापारियों और प्रबुद्धजनों से संवाद किया।

जनसंपर्क अभियान के क्रम में बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठजनों और व्यापारियों से मुलाकात कर केंद्र और बिहार सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी दी तथा बांकीपुर के निरंतर विकास के लिए एनडीए के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने कहा, “बांकीपुर के प्रत्येक परिवार का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मैं राजनीति को जनसेवा का माध्यम मानता हूं और आपके सहयोग से क्षेत्र के विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं तथा हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहूंगा।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में बिहार विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। अब आवश्यकता इस विकास यात्रा को और गति देने की है, ताकि बांकीपुर प्रदेश के सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्रों में अपनी पहचान और मजबूत कर सके।

जनसंपर्क अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने भाजपा प्रत्याशी का गर्मजोशी से स्वागत किया और विकास के मुद्दों पर अपना समर्थन व्यक्त किया। बड़ी संख्या में भाजपा एवं एनडीए के कार्यकर्ता भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे।

अंत में नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि 30 जुलाई का मतदान केवल एक जनप्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि बांकीपुर के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर विकास और सुशासन को मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और ईवीएम में क्रम संख्या-2 पर कमल के फूल का बटन दबाकर एनडीए को विजयी बनाने की अपील की।
