मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के मंदिरी नाला काठपुल के समीप आयोजित एनडीए की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी श्री नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा जनता के सहयोग से बिहार को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के साथ मंदिरी नाला पर निर्मित फोरलेन सड़क का उद्घाटन करने आए थे। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोगों की यह मांग थी, जिसे एनडीए सरकार ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि एक समय यह इलाका गांव जैसा था, लेकिन आज आधुनिक फोरलेन सड़क बनने से मंदिरी पूरी तरह शहर का स्वरूप ग्रहण कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के विजन को साकार करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं के सपनों को साकार करने के लिए उनकी सरकार पूरी शक्ति और समर्पण के साथ बिहार के विकास में जुटी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने 100 दिन पूरे कर लिए हैं और इस अवधि में जनहित एवं विकास से जुड़े अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता की सरकार है और जनता के आशीर्वाद से एनडीए को बिहार में प्रचंड जनादेश मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायकों ने उन्हें अपना नेता चुना तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के सहयोग और मार्गदर्शन से उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दल मिलकर बिहार के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान, श्री उपेंद्र कुशवाहा और केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी सहित सभी सहयोगी दल विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने व्यापक बदलाव की शुरुआत की है। बिहार ज्ञान की भूमि है, लेकिन लंबे समय तक यहां के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था। अब बिहार में ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय तथा वास्तुकला एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्षों तक केवल 272 डिग्री कॉलेज थे, जबकि 15 जुलाई को एक ही दिन में 211 नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बिहार के बच्चों को कोटा जाने की आवश्यकता नहीं होगी। राज्य में 551 मॉडल स्कूलों की शुरुआत की गई है, जहां विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ- साथ जेईई, नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्कूलों में लाइव क्लासेज की भी शुरुआत की है। अगले पांच वर्षों में सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता इतनी बेहतर बनाई जाएगी कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बच्चे भी सरकारी स्कूलों में पढ़ाई करना पसंद करेंगे।
उन्होंने कहा कि पटना में मेट्रो रेल, डबल डेकर फ्लाईओवर, ओवरब्रिज तथा बहुस्तरीय पार्किंग जैसी आधुनिक आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है। इसके साथ ही बिहार में 12 नए टाउनशिप विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें पटना का नया टाउनशिप ‘पाटलिपुत्र’ के नाम से विकसित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए 1 करोड़ 70 लाख बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है तथा राज्य सुशासन की पहचान को और मजबूत किया जाएगा।
सभा के अंत में मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 30 जुलाई को होने वाले मतदान में एनडीए प्रत्याशी श्री नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के विकास की जो योजनाएं शेष हैं, उन्हें एनडीए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बांकीपुर को यह गौरव प्राप्त है कि यहां के विधायक देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं, इसलिए इस गौरव को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी भी जनता की है।
