आज बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के बुद्धिजीवियों की एक महत्वपूर्ण बैठक लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. के. सी. सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में उपस्थित बुद्धिजीवी नागरिकों से वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार श्री नीरज सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. के. सी. सिन्हा ने कहा कि श्री नीरज सिन्हा की विजय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को और सशक्त करेगी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के संगठनात्मक प्रयासों को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश की निगाह बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र पर टिकी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार जनकल्याण, विकास एवं सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है तथा बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य श्री अजय यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव होती है। यदि बिहार को ज्ञान, कौशल और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है, तो उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शोध संस्कृति, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों तथा विश्वविद्यालयों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनडीए सरकार के नेतृत्व में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक एवं दूरगामी सुधार किए जाएंगे, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे और बिहार ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
बैठक में भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के पीजी विभागाध्यक्ष प्रो. पी. के. शरण, अगस्त्या क्लासेज के निदेशक संतोष झा, प्रो. एच. के. वर्मा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश कुमार तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) खेल प्रकोष्ठ के रूपक कुमार सहित अनेक बुद्धिजीवियों ने भाग लिया।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी बुद्धिजीवियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक मतदान के माध्यम से भाजपा प्रत्याशी श्री नीरज सिन्हा को विजयी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
