
पटना साइंस कॉलेज के इतिहास में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया जब प्रो. (डॉ.) अलका यादव ने बतौर प्रथम महिला प्राचार्या पदभार ग्रहण किया। इनके प्रथम महिला प्राचार्य बनने पर कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस के भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. ए. के. भास्कर, सहायक प्राध्यापक प्रो. अनीता सागर, डॉ. मनीषा राय, डॉ. शशि एवं पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य अजय यादव ने प्रो. यादव को बुके भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ज्ञात हो कि सन् 1927 में स्थापित पटना साइंस कॉलेज में अब तक लगभग 34 विद्वान प्राचार्यों ने प्राचार्य पद को सुशोभित किया है, जिनमें सभी पुरुष रहे हैं। इस प्रकार लगभग 100 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में प्रो. अलका यादव का यह योगदान ऐतिहासिक माना जा रहा है।
महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय समुदाय ने उनके इस योगदान का गर्मजोशी से स्वागत किया है। उनके प्रति उम्मीद जताई गई है कि वे अपने कुशल नेतृत्व में पटना साइंस कॉलेज की शैक्षणिक परंपरा, अनुसंधान और उत्कृष्टता को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाएंगी।
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य अजय यादव ने कहा कि यह नियुक्ति नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत संदेश है और इससे आने वाले समय में महाविद्यालय को बहुआयामी लाभ मिलेगा।