
भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार को 19 नये केन्द्रीय विद्यालय की सौगात देने पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया है | साथ ही साथ बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को भी आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने सभी विद्यालयों के लिए बिहार सरकार द्वारा जमीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है |
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश महासचिव व प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बिहार में 19 नये केंद्रीय विद्यालय खोले जाने की केंद्र का निर्णय भारत सरकार के पूर्व मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सह रालोमो सुप्रीमो व सांसद श्री उपेंद्र कुशवाहा के शिक्षा में सुधार कार्यक्रम की देन है | श्री सिन्हा ने बताया कि जब श्री उपेंद्र कुशवाहा जी भारत सरकार में मंत्री थे उसी समय से बिहार में ज्यादा से ज्यादा केंद्रीय विद्यालय खुले,यह उनकी पहली प्राथमिकता थी.
श्री सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट ने देश भर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति दी है. जिसमें से 19 केन्द्रीय विद्यालय बिहार में खुलेंगे | यह बिहार के लिए ऐतिहासिक निर्णय है. पहले से बिहार में 16 केंद्रीय विद्यालय संचालित है और अब 19 विद्यालय की स्वीकृति से बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव होगा |