
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के बिहार राज्य कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को पटना में हुई। बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी पर चर्चा हुई और चिन्हित 24 सीटों पर तैयारी तेज करने का फैसला लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि बिहार विधान सभा चुनाव 2025 की अधिसूचना कभी भी जारी हो सकती है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा-जदयू सरकार को पराजित करने के लिए इंडिया गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है,लेकिन पार्टी को गठबंधन में समानजनक सीटें मिलनी चाहिए। पार्टी ने 24 विधानसभा क्षेत्र की सूची इंडिया गठबंधन के संयोजक तेजस्वी प्रसाद यादव को पहले ही सौंप चूकी है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा चयनित 24 विधानसभा क्षेत्रों में तैयारी तेज कर दी गई है। पार्टी विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक कर तथा बूथ स्तर पर सक्रिय बूथ कमिटी का निर्माण कर चुनाव अभियान को गति प्रदान कर रही है। बूथ कमिटी के कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए पंचायत तथा प्रखण्ड स्तर पर चुनाव संचालन समिति गठित की गई है। विधानसभा चुनाव में हर हाल में जीत सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी चयनित विधान सभा क्षेत्रों में पार्टी द्वारा पूरी शक्ति से लगकर चुनाव अभियान चलाया जा रहा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) संयुक्त रूप से 06 से 08 अक्टूबर, 2025 तक सभी जिलों में संयुक्त कार्यकर्ता बैठक एवं मतदाता सूची की सरजमीनी जाँच करने का निर्णय लिया है। बैठक में प्रस्ताव पारित कर कहा गया है कि आरएसएस की स्थापना की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा डाक टिकट और 100 रुपये का सिक्का जारी करना भारत के संविधान का अपमान है। आरएसएस ने कभी देश की आजादी के लिए लड़ाई नहीं लड़ी। हमारी पार्टी का गठन उसी वर्ष, 1925 में हुआ था। हमारी पार्टी स्वतंत्रता आंदोलन में सबसे आगे थी और उसने सर्वोच्च बलिदान दिया है। बैठक को राष्ट्रीय सचिव संजय कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जानकी पासवान, राष्ट्रीय परिषद सदस्य ओमप्रकाश नारायण, अजय कुमार सिंह, प्रमोद प्रभाकर आदि नेताओं ने संबोधित किया।