जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा आज नगर आयुक्त, पटना नगर निगम श्री यशपाल मीणा एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ छठ महापर्व, 2025 की तैयारियों एवं व्यवस्था का जायजा लेने, घाटों की भौगोलिक स्थिति तथा जल-स्तर में परिवर्तन की प्रवृत्ति का अवलोकन करने के लिए विभिन्न छठ घाटों का स्थल निरीक्षण किया गया। दीघा पाटीपुल घाट से प्रारंभ कर कलेक्टोरेट घाट तक उन्होंने छोटे-बड़े सभी घाटों का पैदल निरीक्षण किया तथा छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर पूर्णतः दुर्घटना-रहित एवं छठव्रतियों तथा श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रशासनिक सुविधा-युक्त व्यवस्था करने का निदेश दिया गया।
प्रातः 7:30 बजे दीघा पाटीपुल घाट से प्रारंभ कर मीनार घाट, जेपी सेतु पश्चिमी घाट, दीघा पोस्ट ऑफिस घाट, जेपी सेतु पूर्वी घाट, गेट नं. 93, गेट नं 88, गेट नं 83 (संत माईकल हाई स्कूल के बगल की गली) घाट, बालुपर घाट, कुर्जी घाट, एलसीटी घाट, राजापुर पुल घाट, पहलवान घाट, बाँस घाट, बुद्धा घाट एवं कलेक्टोरेट घाट तक एक-एक कर सभी घाटों का जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया।

यह निरीक्षण 3 घंटे से अधिक समय तक चला। लगभग 9 कि.मी. की दूरी में विभिन्न घाटों पर पैदल चलकर जिलाधिकारी द्वारा घाटों की वर्तमान स्थिति यथा कटाव, दलदल, ढाल इत्यादि का अवलोकन किया गया। उन्होंने सभी घाटों पर तथा घाटों के एप्रोच रोड में पैदल चलकर इसकी अद्यतन स्थिति का निरीक्षण किया तथा रास्ते में जहाँ-जहाँ गड्ढे थे उन गड्ढों को भरने, अंडरपास से पानी हटाने तथा अन्य व्यवधान को दूर करने का निदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि दानापुर से पटना सिटी तक 109 प्रमुख घाटों को 21 सेक्टर में बाँटकर इतने ही सेक्टर पदाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के पर्यवेक्षण में डेडिकेटेड टीम सभी घाटों पर मुस्तैद हैं। अगले कुछ दिनों में छठ से पहले नदी के जलस्तर में करीब 40 सेंटीमीटर यानि लगभग सवा फ़ीट कमी आने की संभावना है। जल-स्तर में कमी की प्रवृत्ति तथा घाटों की भौगोलिक स्थिति को देख कर घाटों को तैयार किया जा रहा है। घाटों के एप्रोच रोड एवं अन्य व्यवस्थाओं को लगभग पूरा कर लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि मापदंडों के अनुसार 24*7 तैयारी चल रही है। यह अंतिम चरण में है। आज इस सबका निरीक्षण किया गया।

==========================
जिलाधिकारी ने कहा कि दीघा, कुर्जी एवं आस-पास बड़े-बड़े घाट हैं। इन घाटों पर काफी संख्या में छठव्रती एवं श्रद्धालु आते हैं। इसको देखते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुसार सारी तैयारी करने का निदेश अधिकारियों को दिया गया है। पटना नगर निगम द्वारा घाटों को तेजी से तैयार किया जा रहा है। आज निरीक्षण के समय इस सबको देखा गया। तेजी से घाट निर्माण किया जा रहा है। भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को जल संसाधन विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से नदी में सुरक्षित दूरी पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग करने का निदेश दिया गया है। अपर जिला दंडाधिकारी, आपदा प्रबंधन को चिन्हित किए जाने वाले खतरनाक घाटों को अंचल अधिकारियों के माध्यम से लाल रंग के कपड़ा से घेरा कराने, एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति करने तथा पर्याप्त संख्या में नाव-नाविकों एवं गोताखोरों को तैनात रखने का निदेश दिया गया है। विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने का निदेश दिया गया।
==========================

जिलाधिकारी ने कहा कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए घाटों पर एवं मार्गों में सभी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। युद्धस्तर पर सभी तैयारी की जा रही है। पुरूष एवं महिला के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल, चेंजिंग रूम, व्रतियों के ठहरने हेतु शेड, घाटों के यथासंभव नजदीक वाहन पार्किंग की बेहतर सुविधा रहेगी। पार्किंग स्थल पर बैरिकेडिंग/ड्रॉप गेट की व्यवस्था रहेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि घाटों के पास एवं सम्पर्क पथ में समुचित संख्या में वाच टावर की स्थापना की जा रही है। घाटों पर नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। ध्वनि-विस्तारक यंत्र एवं स्थायी तथा अस्थायी सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि घाटों पर जाने के लिए एप्रोच रोड सुचारू एवं अवरोध-मुक्त रहेगा। घाटों पर उत्कृष्ट सफाई एवं प्रकाश-व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। नगर निगम द्वारा सभी वार्डों में स्ट्रीट लाईट क्रियाशील रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा घाटों के आस-पास एवं सम्पर्क पथ में अवस्थित विद्युत तारों को व्यवस्थित रखा जाएगा। सभी छठ घाटों पर विद्युत कर्मियों एवं तकनीशियनों की टीम तैनात रहेगी। इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।


जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व, 2025 के अवसर पर उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र इसके लिए सजग एवं तत्पर है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर, अपर नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, अधीक्षण अभियंता, जल संसाधन विभाग एवं अन्य के साथ सभी घाटों पर सेक्टर पदाधिकारियों की टीम भी उपस्थित थी।
