बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ सारण जिले के परसा, अमनौर और मांझी में आशीर्वाद सभा को संबोधित कर एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे और बिहार के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार की जरूरत बताई।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने आज सारण जिले के परसा, सूतिहार (दरियापुर) डेरनी हाई स्कूल के खेल मैदान में गरखा से लोजपा (रा.) प्रत्याशी सीमांत मृणाल, परसा से जदयू प्रत्याशी छोटेलाल राय एवं सोनपुर से भाजपा प्रत्याशी विनय कुमार सिंह के समर्थन में आयोजित आशीर्वाद सभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि सारण की धरती पर एनडीए को अपार जनसमर्थन दिख रहा है। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार तय है।
उन्होंने कहा कि इस बार भी विकास और सुशासन के पक्ष में एनडीए के साथ पूरा बिहार है।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने साफ शब्दों में कहा कि एक दौर वह था जब बिहार की पहचान चरवाहा विद्यालय को लेकर होती थी, लेकिन आज प्रत्येक जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज और मेडिकल कॉलेज खुल गए हैं। आज जिले में लोग इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। यही बिहार के बदलने की तस्वीर है।

इस दौरे के क्रम में भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने अमनौर, मकेर आर. बी. एम. हाइस्कूल के खेल मैदान और मांझी, नरपलिया खेल मैदान में आयोजित आशीर्वाद सभा को भी संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि आज बिहार में डबल इंजन की सरकार ने बिहार की तस्वीर और तकदीर बदली है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार ने विकसित बिहार की नींव रख दी है। अब इसे आगे ले जाने की जरूरत है।

भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे सभी एनडीए समर्थित प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर बिहार के विकास और जनता की खुशहाली के मार्ग को और मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विकास को देखा और पहचान भी लिया है।
उन्होंने राजद के शासनकाल की भी चर्चा की और बिहार के विनाश के दौर को भी याद किया।
