भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस बात से बेहद संतुष्ट है कि सुप्रीम कोर्ट ने 7 नवंबर 2025 को बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ दायर एक जनहित याचिका (PIL) को खारिज कर दिया है। भाजपा के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि यह फैसला न केवल हमारे नेता की सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है, बल्कि उन तमाम राजनीतिक षड्यंत्रों को भी ध्वस्त करता है, जो कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा रची जा रही थीं।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से, विशेषकर बिहार में चुनाव घोषणा के बाद, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की आयु और शैक्षिक योग्यता को लेकर विपक्षी दलों और कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अनाप-शनाप आरोप लगाए जा रहे थे। इन आरोपों का एक हिस्सा एक याचिका के रूप में सुप्रीम कोर्ट में पेश किया गया, जिसमें तारापुर विधानसभा क्षेत्र से उनकी चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की गई थी। यह याचिका हैदराबाद के एक कथित बिजनेसमैन और सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा दायर की गई थी, जिन्होंने अपनी वार्षिक आय पांच लाख रुपये से कम बताई, जबकि उनके वकील की फीस उनके दावे से कहीं अधिक थी।
उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि यह मामला किसी षड्यंत्र का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य बिहार की जनता को गुमराह करना और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करना था।
भाजपा नेता नीरज कुमार ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से सुना और निपटारा करते हुए स्पष्ट किया कि राजनीतिक मुद्दों को कोर्ट से दूर रखना चाहिए। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को मजबूरन याचिका वापस लेने के लिए कहा और इस मामले को पुनः कोर्ट में चुनौती देने की अनुमति भी नहीं दी।

उन्होंने कहा, “यह फैसला न केवल सम्राट चौधरी के चरित्र पर लगे आरोपों को खारिज करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सत्य और न्याय हमेशा विजयी होता है।”
भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने बिहार की जनता से अपील किया है कि वे इस तरह के आधारहीन और राजनीति से प्रेरित अभियानों से सावधान रहें। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं, और उनकी मेहनत और ईमानदारी को बिहार की जनता अच्छी तरह से समझती है। हमारा नारा है – “यतो धर्मस्ततो जयः” और “सत्यमेव जयते”।
उन्होंने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि वे ऐसी गलत बयानी और कोर्ट को परेशान करने वाली हरकतों से बाज आएं और बिहार के विकास में योगदान दें। भारतीय जनता पार्टी इस मामले में अपने नेता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और भविष्य में भी सत्य के रास्ते पर चलते हुए जनता की सेवा करती रहेगी।
