जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा है कि बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के लिए 14 नवम्बर को निर्धारित मतगणना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराना जिला प्रशासन, पटना की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंगे। वे आज श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी निर्वाची पदाधिकारियों, सहायक निर्वाची पदाधिकारियों, मतगणना माइक्रो ऑब्जवर्स, मतगणना पर्यवेक्षकों एवं मतगणना सहायकों को संबोधित कर रहे थे। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन सम्पूर्ण निर्वाचन कार्यक्रम को उत्सवी माहौल में सम्पन्न कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। 06 नवम्बर को मतदान भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण माहौल में सम्पन्न कराया गया है। इसके लिए सभी हितधारक धन्यवाद के पात्र हैं। 14 नवम्बर को होने वाले मतगणना कार्यक्रम को भी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निदेशों के अनुरूप स्वच्छ एवं सुचारू ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा। इसके लिए प्रोटोकॉल के अनुसार तेजी से सभी तैयारी की जा रही है। प्रशिक्षण भी इसी का एक भाग है ताकि आप सभी त्रुटिरहित तरीके से आयोग के निदेशों का अनुपालन करते हुए अपने-अपने दायित्वों का तत्परतापूर्वक निर्वहन कर पाएँ।

===================================
विदित हो कि पटना जिला के सभी 14 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना 14 नवम्बर को 08.00 बजे पूर्वाह्न से ए.एन. कॉलेज, पटना में होगी। इसे सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों का दो चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण का प्रशिक्षण आज 10 नवम्बर को हुआ तथा द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का आयोजन 13 नवम्बर को होगा। जिलाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण कोषांग के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यशालाओं का पर्यवेक्षण करने का निदेश दिया गया है।

आज के प्रशिक्षण में 06 जिला-स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स एवं पदाधिकारियों द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मतगणना के सभी पहलुओं तथा तकनीकी कार्यों के बारे में सभी प्रशिक्षणार्थियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को मतगणना के संबंध में आयोग के दिशा-निदेशों के बारे में बारीकी से बताते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतों की गणना एक महत्वपूर्ण प्रक्रम है जो लगातार एवं सावधानीपूर्वक किए गए मतगणना पर निर्भर है। प्रत्येक मतगणना टेबल पर निर्वाची पदाधिकारी की ओर से एक मतगणना पर्यवेक्षक एवं एक मतगणना सहायक रहते हैं। साथ ही प्रत्येक टेबल पर भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक के प्रतिनिधि के रूप में एक माइक्रो ऑब्जर्वर प्रतिनियुक्त रहते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मतगणना कार्य एवं मतगणना के पश्चात संबंधित कार्यों के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हेतु अनेक टीम क्रियाशील रहेगी। उन्होंने कहा कि मतगणना सुगम एवं सुचारू ढंग से हो इसके लिए आप सभी नियमों एवं मापदंडों से अच्छी तरह अवगत हो लें। आपकी कार्यशैली में निष्पक्षता पूरी तरह से परिलक्षित होनी चाहिए। निर्वाचन में संलग्न सभी पदाधिकारी लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत प्रतिनियुक्ति की तारीख से निर्वाचन प्रक्रिया की समाप्ति तक आयोग में प्रतिनियुक्त समझे जाते हैं और तदनुसार उस अवधि के दौरान आयोग के नियंत्रण, अधीक्षण एवं अनुशासन के अधीन कार्यरत रहते हैं। दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधि-सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि मतगणना का सम्पूर्ण कार्य आयोग के निदेशों एवं निर्धारित मापदंडों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए तत्परता एवं सावधानी के साथ की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप मतगणना केन्द्र पर सभी तैयारी की जा रही है। प्रोटोकॉल का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सहज एवं सुचारू ढंग से मतगणना का सम्पूर्ण कार्य सम्पन्न कराया जाएगा।
