1. बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के क्रम में पटना जिलांतर्गत सभी 14 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों में 06 नवम्बर को मतदान सफलतापूर्वक सम्पन्न होने के पश्चात 14 नवम्बर को ए.एन. कॉलेज, पटना में 08:00 बजे पूर्वाह्न से मतगणना निर्धारित है।
2. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पटना ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतों की गणना एक महत्वपूर्ण प्रक्रम है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में मतगणना कार्य सम्पन्न कराने हेतु मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार तीव्र गति से सभी आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक काउंटिंग हॉल बनाया गया है। प्रत्येक मतगणना कक्ष में मतांे की गणना हेतु 14-14 टेबल लगाए जाएंगे। प्रत्येक मतगणना टेबल पर तीन मतगणना कर्मी प्रतिनियुक्त रहेंगे जो सॉफ्टवेयर के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं विधियों के अनुसार रैंडमाइजेशन के आधार पर तैनात किए जाएंगे।प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक एवं एक मतगणना माईक्रो-ऑब्जर्वर द्वारा काउंटिंग प्रक्रिया को विधिवत सम्पन्न किया जाएगा। पोस्टल बैलट के माध्यम से प्राप्त मतों की गणना हेतु विधान सभावार अलग-अलग टेबल रहेंगे। प्रत्येक टेबल पर चार मतगणना कर्मी प्रतिनियुक्त रहेंगे- एक मतगणना पर्यवेक्षक, दो मतगणना सहायक एवं एक मतगणना माईक्रो-ऑब्जर्वर द्वारा पोस्टल बैलट मतों की गणना की जाएगी। प्रत्येक टेबल पर एक सहायक निर्वाची पदाधिकारी भी प्रतिनियुक्त रहेंगे।
3. ईवीएम-वीवीपैट मतगणना कार्य एवं पोस्टल बैलट पेपर-ईटीपीबीएमएस के द्वारा प्राप्त मतपत्रों की गणना कार्यों के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हेतु विधान सभावार तीन वृहद टीम का गठन किया गया हैः निर्वाची पदाधिकारी टीम, ईवीएम-वीवीपैट परिचालन टीम तथा वज्रगृह टीम।

4. प्रत्येक विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए ईवीएम के मतों की गणना हेतु आवंटित मतगणना कक्ष में सहायक निर्वाची पदाधिकारी टेबल के अतिरिक्त 14 टेबल की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक तथा एक माईक्रो-ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। विदित हो कि प्रत्येक टेबल पर एक माईक्रो-ऑब्जर्वर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त मतगणना प्रेक्षक के प्रतिनिधि के रूप में तैनात रहते हैं जबकि निर्वाची पदाधिकारी की ओर से प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक एवं एक मतगणना सहायक रहते हैं। पोस्टल बैलट की गिनती के लिए अलग से टेबुल की व्यवस्था की गई है। यहाँ एक सहायक निर्वाची पदाधिकारी तथा प्रत्येक टेबुल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, दो मतगणना सहायक एवं एक माईक्रो-ऑब्जर्वर की प्रतिनियुक्ति रहेगी।
5. तकनीकी कार्यों के सफलतापूर्वक सम्पादन हेतु प्रतिनियुक्त कम्प्यूटर ऑपरेटर्स को आज जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी तथा जिला आईटी प्रबंधक, पटना द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
6. निर्वाची पदाधिकारी द्वारा मतगणना के प्रत्येक राउंड के परिणाम की घोषणा की जाएगी।
7. मतगणना से संबंधित सभी प्रकार के प्रतिवेदनों, डाटा संग्रहण एवं राउंडवार प्रविष्टि इत्यादि कार्यों के पर्यवेक्षण हेतु जिला स्तर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना का सेल एवं डाटा सेंटर का गठन किया गया है।
8. जिलाधिकारी द्वारा कार्मिक कल्याण कोषांग के पदाधिकारियों को मतगणना केन्द्र पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था करने का निदेश दिया गया है। शौचालय, स्वच्छ पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, यातायात प्रबंधन इत्यादि बिन्दुओं पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया गया है।
9. मतगणना केन्द्र में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित है। सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी।
10. अभ्यर्थियों/मतगणना अभिकर्ताओं/मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के आलोक में मतगणना कक्ष के अंदर मोबाईल ले जाना वर्जित है।

11. जिलाधिकारी द्वारा कार्मिक कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग, वज्रगृह-सह-मतगणना कोषांग, ईवीएम कोषांग, मीडिया कोषांग, कार्मिक कल्याण कोषांग, पोस्टल बैलट कोषांग, विधि-व्यवस्था संधारण कोषांग, जिला निर्वाचन समन्वय कोषांग सहित सभी संबंधित कोषांगों के पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर आयोग के दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मतगणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने का निदेश दिया गया है।
12. जिलाधिकारी ने सभी निर्वाची पदाधिकारियों एवं मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों एवं मानकों के अनुरूप मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया के संचालन का निदेश दिया है।
13. जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन सम्पूर्ण निर्वाचन कार्य को उत्सवी माहौल में सम्पन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मतदान अत्यंत सहज ढंग से त्योहार जैसे वातावरण में पूरा हुआ है। लोगों की सक्रिय सहभागिता रही है। यह प्रसन्नता का विषय है तथा इसके लिए सभी हितधारक धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आयोग के दिशा-निदेशों के अनुसार मतगणना भी स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा। इसके लिए सम्पूर्ण जिला निर्वाचन तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।
