जिलाधिकारी, पटना द्वारा फुलवारीशरीफ-जानीपुर रोड का निरीक्षण किया गया तथा अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को तेजी से कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा दिनांक 21 फरवरी, 2025 को पटना जिला में प्रगति यात्रा के दौरान एम्स गोलम्बर-जानीपुर-पईनापुर-नेवापथ का चौड़ीकरण करने की घोषणा की गई थी। पथ निर्माण विभाग द्वारा इन योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। एम्स गोलम्बर-जानीपुर-पईनापुर-नेवा (पटना रिंग रोड तक) लगभग 10.5 किलोमीटर लंबाई में पथ का 2-लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, पटना पश्चिम को तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए निदेशित किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के अनुरूप नौबतपुर लख के पास नए फ्लाइओवर का निर्माण भी बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा कराया जा रहा है। अधिकारियों को तेजी से निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पटना रिंग रोड से सम्पर्कता हो जाने के कारण फुलवारीशरीफ, एम्स,दानापुर, नौबतपुर सहित पटना पश्चिमी क्षेत्र के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। ट्रैफिक जाम की समस्या भी समाप्त हो जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा 21 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिला में 10,871 (दस हजार आठ सौ एकहत्तर) करोड़ रुपया से अधिक की विकास योजनाओं से संबंधित 32 घोषणाएँ की गई थी जिसका राज्य सरकार द्वारा शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी। इन योजनाओं का क्रियान्वयन संबंधित एजेंसियों द्वारा तेजी से किया जा रहा है। उप विकास आयुक्त द्वारा इसका नियमित पर्यवेक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को समयबद्ध ढंग से काम करने का निदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि वे इसकी नियमित समीक्षा कर रहे हैं तथा क्षेत्र भ्रमण के समय निरीक्षण भी करते हैं। आज उन्होंने उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, अंचल पदाधिकारी और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ फुलवारीशरीफ में पथ निर्माण विभाग की योजनाओं का निरीक्षण किया। तेजी से कार्य चल रहा है। इसके बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के आलोक में जिला में योजनाओं के क्रियान्वयन की सुदृढ़ अनुश्रवण प्रणाली विकसित की गई है। स्वयं उनके अर्थात् जिलाधिकारी के स्तर से इसका नियमित अनुश्रवण किया जाता है। पदाधिकारियों को अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर तेजी से कार्य करने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार पटना के विकास हेतु तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। सैकड़ों की संख्या में यहाँ विकासात्मक योजनाएँ चल रही है। जन-सुविधा हेतु काफी बड़ी संख्या में सड़कों, पुलों, फ्लाईओवर इत्यादि का निर्माण किया गया है। यह उत्तरोत्तर जारी है। इससे लोगों का जीवन-यापन काफी आसान हो गया है। ट्रैफिक की समस्या के समाधान के लिए दीर्घकालीन एवं अल्पकालीन योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है।
