नेपाल के मधेश प्रदेश (जनकपुर धाम) के माननीय विधान सभा अध्यक्ष श्री राम आशीष यादव ने आज बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार के कार्यालय कक्ष में उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में द्विपक्षीय संबंधों, संसदीय परंपराओं तथा आपसी सहयोग को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
मधेश प्रदेश के विधान सभा अध्यक्ष श्री राम आशीष यादव ने डॉ. प्रेम कुमार को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं डॉ. प्रेम कुमार ने भी उन्हें पारंपरिक पटका एवं गयाजी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक के दौरान श्री यादव ने बिहार विधान सभा की कार्यप्रणाली एवं संसदीय व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने बिहार विधान सभा स्थित लाइब्रेरी का भी अवलोकन किया और वहां की सुव्यवस्थित व्यवस्था, समृद्ध संदर्भ सामग्री एवं आधुनिक सुविधाओं की प्रशंसा की।
श्री यादव ने बताया कि मधेश प्रदेश विधान सभा नव-निर्मित है और वहां शीघ्र ही एक सुसज्जित एवं आधुनिक लाइब्रेरी की स्थापना की जानी है। उन्होंने कहा कि मधेश प्रदेश (नेपाल) में लाइब्रेरी की स्थापना बिहार विधान सभा की लाइब्रेरी के तर्ज पर करने का निर्णय लिया गया है, ताकि जनप्रतिनिधियों एवं शोधार्थियों को बेहतर अध्ययन एवं संदर्भ सामग्री उपलब्ध हो सके।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंध अत्यंत प्रगाढ़ हैं। इस प्रकार की संस्थागत साझेदारी दोनों देशों के लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी दोनों विधानसभाओं के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान जारी रहेगा।
यह मुलाकात भारत-नेपाल संबंधों को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ संसदीय परंपराओं के क्षेत्र में सहयोग का एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
