केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में आयोजित बैठक में माननीय कृषि मंत्री, बिहार श्री राम कृपाल यादव शामिल हुए। माननीय मंत्री ने राज्य में बनाये जा रहे किसान फार्मर आई॰डी॰ के बारे में बताया कि राज्य में 47 लाख से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्री बनाया जा चुका है। बिहार में मिशन मोड में कृषि विभाग के कृषि समन्वयक या किसान सलाहकार तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के राजस्व कर्मचारी के द्वारा कैम्प के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है।
माननीय मंत्री ने राज्य में उर्वरक की उपलब्धता की जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 01.04.2026 को राज्य में यूरिया 2.77 लाख मीट्रिक टन, डीएपी 1.46 लाख मीट्रिक टन, एनपीके 2.11 लाख मीट्रिक टन, एमओपी 0.43 लाख मीट्रिक टन एवं एसएसपी 1.02 लाख मीट्रिक टन है। उन्होंने कहा कि किसानों की आवश्यकता के अनुसार उर्वरक की सतत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

माननीय कृषि मंत्री, बिहार श्री राम कृपाल यादव ने आज केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर बिहार में कृषि क्षेत्र के समग्र विकास एवं किसानों की आय वृद्धि हेतु विशेष केंद्रीय सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। साथ ही, बिहार में कृषि से संबंधित प्रमुख मांगों को लेकर एक विस्तृत अनुरोध पत्र भी माननीय कृषि मंत्री, बिहार द्वारा समर्पित किया गया।
माननीय कृषि मंत्री बिहार में पहली बार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मसूर खरीद की स्वीकृति प्रदान करने हेतु केंद्रीय कृषि मंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने बिहार में चना, सरसों एवं अन्य तेलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू करने का अनुरोध किया।
माननीय मंत्री ने बिहार को दलहन एवं तेलहन उत्पादन के लिए प्राथमिक राज्य के रूप में शामिल करने तथा केंद्रीय योजनाओं के तहत अतिरिक्त सहायता प्रदान करने की भी मांग की। विशेष रूप से राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के अंतर्गत बिहार को अतिरिक्त सहायता देने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि बिहार में लगभग 90 प्रतिशत किसान लघु एवं सीमांत श्रेणी के हैं तथा जोत का आकार छोटा होने के कारण सिंचाई एवं संसाधनों की सीमित उपलब्धता है। इस परिस्थिति को देखते हुए बिहार के लिए विशेष कृषि विकास पैकेज के अंतर्गत विशेष केंद्रीय सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया गया।
उन्होंने सिंचाई अवसंरचना विकास, दलहन एवं तेलहन मिशन को मजबूत करने, कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने तथा उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक एवं भंडारण सुविधाओं के विकास हेतु सहयोग प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
माननीय केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार के कृषि के विकास के लिए भारत सरकार तत्पर है एवं आवश्यकता को देखते हुए बिहार के लिए विशेष कृषि विकास पैकेज देने का आश्वासन दिया।
माननीय कृषि मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में कृषि विकास को नई गति मिलेगी तथा किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
