बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने आज माननीय सदस्यों के लिए वीरचंद पटेल पथ स्थित नवनिर्मित आवासीय परिसर का निरीक्षण कर वहां स्थित सुविधाओं तथा चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ श्री आनंद किशोर, अपर मुख्य सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार, श्री लोकेश कुमार सिंह, सचिव, स्वास्थ्य विभाग, श्री अनिल कुमार, मुख्य वास्तुविद, भवन निर्माण विभाग, श्री विजय कुमार, जी.जी.एम., बीएमएसआईसीएल तथा डी.एफ.ओ. पार्क डिविजन, प्रभारी पदाधिकारी, खेल विभाग एवं सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने बिहार विधान सभा के माननीय सदस्यों हेतु निर्माणाधीन विधायक हॉस्टल एवं कम्युनिटी सेंटर के प्रगति की समीक्षा की। मुख्य वास्तुविद द्वारा यह जानकारी दी गई कि विधायक हॉस्टल की संरचना जी+6 है, जिसमें 83 सुइट की व्यवस्था की गई है। इसका निर्माण मार्च, 2027 तक पूरा करा लिया जायेगा। कम्युनिटी सेंटर, जिसकी संरचना जी+2 है, का निर्माण इस वर्ष दिसंबर तक करा लिया जायेगा। माननीय अध्यक्ष ने सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निदेश उपस्थित पदाधिकारियों को दिया।

निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष ने दारोगा प्रसाद राय पथ के पश्चिमी भाग में निर्माणाधीन विधायक हॉस्टल एवं कम्युनिटी सेंटर के निकट उपलब्ध खाली स्थान पर विधायक हॉस्टल एवं विधायक स्पोर्ट्स क्लब के निर्माण कराने का निर्देश उपस्थित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने विधायक आवासीय परिसर के तीनों ब्लॉक में हरियाली की समुचित व्यवस्था कराने तथा विधान सभा स्थित खेल मैदान को पर्याप्त हरियाली के साथ स्पोर्ट्स ग्राउंड के रूप में विकसित करने का निर्देश भी उपस्थित अधिकारियों को दिया।
