छत्रसाल सिंह, महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल द्वारा आज दिनांक 17.04.2026 को श्रमजीवी एक्सप्रेस से पटना-डीडीयू रेलखंड विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलखंड के मध्य स्टेशनों, रेल पुलों, रेलवे ट्रैक सहित संरक्षा से जुड़े पहलुओं का जायजा लिया । निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक महोदय ने संरक्षा पर विशेष बल देते हुए इसके प्रति हमेशा चौकसी बरतने का निर्देश दिया । इसके उपरांत उन्होंने डीडीयू जंक्शन से परख निरीक्षण यान द्वारा चल निरीक्षण प्रारंभ किया गया।
महाप्रबंधक द्वारा डीडीयू जंक्शन से चुनार तक भारतीय रेल के पारंपरिक रेलमार्ग पर तथा इसके उपरांत चुनार से न्यू डगमगपुर स्टेशन तक पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसी) रेलखंड का निरीक्षण किया गया तथा वहां से वापसी में भी फ्रेट कॉरिडोर लाइन से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने मार्ग पर उपलब्ध रेल अवसंरचना, ट्रैक, सिग्नल व्यवस्था एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही डीडीयू क्षेत्र से विभिन्न स्थानों पर भारतीय रेल एवं डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के मध्य कनेक्टिविटी, लिंक व्यवस्था तथा समन्वित परिचालन से जुड़े पहलुओं का भी जायजा लिया गया। डीडीयू जंक्शन क्षेत्र से पटना दिशा की ओर गुजरने वाली प्रस्तावित तीसरी एवं चौथी लाइन के एलाइनमेंट तथा संबंधित कार्यों को लेकर भी जायजा लिया गया।
इसके उपरांत महाप्रबंधक ने न्यू डीडीयू जंक्शन स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के नवनिर्मित रनिंग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान रनिंग स्टाफ हेतु उपलब्ध विश्राम कक्ष, स्वच्छ आवासीय व्यवस्था, भोजन कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही न्यू डीडीयू जंक्शन स्थित क्रू लॉबी का भी निरीक्षण कर वहां की कार्य प्रणाली का जायजा लिया।

निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक महोदय द्वारा न्यू डीडीयू जंक्शन से न्यू गंजख्वाजा तक फ्रेट कॉरिडोर लाइन से निरीक्षण किया गया तथा वहां से भारतीय रेल के पारंपरिक ट्रैक से डीडीयू जंक्शन तक रेलखंड का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना सहित मंडल के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
