शुक्रवार को राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ बीजेपी में शामिल हो गये. चड्ढा ने पार्टी (आप) छोड़ने से पहले कहा- मैंने पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिक मूल्यों से पूरी तरह भटक गई है. हाल ही में चड्ढा को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया गया था. राघव चड्ढा ने आप पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वो एक गलत पार्टी में सही आदमी है.
सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की. साथ ही राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो तिहाई सांसदों ने भाजपा में विलय की घोषणा की. बीजेपी मुख्यालय में चड्ढा और अन्य आप सांसदों का स्वागत किया गया.
आप छोड़ने के ऐलान के बाद पीसी में राघव चड्ढा ने AAP पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा- अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी अब देश के लिए नहीं, बल्कि अपने ही फायदे के लिए काम कर रही है. चड्ढा ने कहा- पिछले कुछ वर्षों में, मुझे यह महसूस होने लगा है कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं. आज, मैं आप से अलग होने और जनता के साथ अधिक निकटता से काम करने के अपने निर्णय की घोषणा करता हूं. इस दौरान राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होगी, लेकिन ऐसा हो गया है. पाठक ने कहा- मैं दस साल तक इस पार्टी से जुड़ा रहा. और आज मैं आम आदमी पार्टी से अलग हो रहा हूं.
