मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज मुंगेर जिला के सिंचाई प्रमंडल तारापुर परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी ने 45 हजार वोटों के अंतर से जीताकर मुझे विधानसभा भेजा है। मैं सबके प्रति आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने हमें मुख्यमंत्री बनाया है। हम हमेशा आपके बीच आकर मिलते रहेंगे तथा बिहार को और आगे बढ़ाने के लिए काम करते रहेंगे। तारापुर, संग्रामपुर, टेटियाबंबर सहित इस विधानसभा क्षेत्र की जनता को मैं धन्यवाद देता हूं और मैं आश्वस्त करता हूं कि आपने जिन सपनों को लेकर मुझे विधायक बनाया है, मैं उन हरेक सपनों को पूरा करूंगा। बिहार को सुंदर, समृद्ध तथा विकसित बनाने की दिशा में हरसंभव प्रयास करूंगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन सहित रोजगार को और अधिक बढ़ावा मिल सके, इसके लिए काम किया जायेगा।

जन संवाद कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने उनका अभिवादन स्वीकार किया।

इस अवसर पर विधायक श्री कुमार प्रणय, पूर्व विधायक श्री राजीव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अरुण पोद्दार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, पुलिस महानिदेशक, ऑपरेशन श्री कुंदन कृष्णन, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री राकेश कुमार, जिलाधिकारी श्री निखिल धनराज निप्पनिकर, पुलिस अधीक्षक श्री सैयद इमरान मसूद सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
