मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड स्थित शक्तिपीठ तेलडीहा, दुर्गास्थान में पूजा-अर्चना कर बिहार की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने तेलडीहा दुर्गा मंदिर के पास बदुआ नदी पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस परियोजना के तहत बदुआ नदी तट पर पक्का घाट, हरित क्षेत्र, लाइटिंग, वाकिंग ट्रैक, सीढ़ी घाट आदि विकास कार्य कराए जाने हैं। जिससे यह स्थल पर्यटन एवं धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित हो सके। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री तारापुर (मुंगेर) के माहपुर में आयोजित श्री श्री 1008 महायज्ञ रुद्र में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यज्ञ शाला में पूजा-अर्चना की तथा यज्ञ में शामिल साधु-संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। यज्ञ में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुझे यहां महायज्ञ रुद्र में शामिल होने का अवसर मिला है। मुझे बेहद प्रसन्नता हो रही है। इस इलाके के साथ ही पूरे बिहार में शांति एवं खुशहाली कायम रहे, इसकी मैं कामना करता हूं। बिहार समृद्ध और विकसित हो, इस दिशा में हमलोग लगातार काम कर रहे हैं। इस यज्ञ में शामिल श्रद्धालुओं का मैं अभिनंदन करता हूं। तारापुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने मुझे विधायक बनाया और अब मैं मुख्यमंत्री के रूप में काम कर रहा हूं, इसके लिए मैं अपने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार प्रकट करता हूं।
मुख्यमंत्री ने यज्ञ परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं की लगाई गई प्रतिमाओं का दर्शन भी किया।
मुख्यमंत्री मुंगेर जिला के तारापुर प्रखण्ड के लखनपुर ग्राम स्थित अपने पैतृक आवास पहुंचे और अपने पिता पूर्व मंत्री श्री शकुनी चौधरी तथा परिवारजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर विधायक श्री कुमार प्रणय, विधायक श्री जयंत राज, विधायक श्री मनीष कुमार, पूर्व विधायक श्री राजीव सिंह, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक, ऑपरेशन श्री कुंदन कृष्णन, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री नंद किशोर, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री राकेश कुमार, जिलाधिकारी श्री निखिल धनराज निप्पनिकर, पुलिस अधीक्षक श्री सैयद इमरान मसूद सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
