जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता डा0 जितेंद्र कुमार ने सोशल मीडिया संवाद करते हुए कहा कि माननीय श्री नीतीश कुमार के सात निश्चय-3 के विजन को श्री निशांत कुमार आगे ले जाने का काम करेंगे। उन्होंने मंत्री पद की शपथ लेकर बिहार के युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए समर्पित राजनीति का संदेश दिया है।
सात निश्चय पार्ट-थ्री केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि विकसित बिहार का व्यापक रोडमैप है। इसका मूल उद्देश्य दोगुना रोजगार, समृद्ध उद्योग और कृषि में गुणात्मक परिवर्तन लाना है। बिहार की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के लिए कृषि, उद्योग, कौशल विकास और स्टार्टअप संस्कृति को एक साथ आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि बिहार का युवा अब पलायन के लिए नहीं, बल्कि नवाचार, उद्यम और रोजगार सृजन के लिए पहचाना जाए।
उन्होंने कहा कि श्री निशांत कुमार लगातार इस बात पर बल दे रहे हैं कि बिहार को ‘‘ब्रेन ड्रेन’’ की जगह ‘‘ब्रेन गेन’’ का केंद्र बनाया जाए। इसके लिए जिला स्तर पर रोजगार माॅडल विकसित किए जाएंगे, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जाएगा तथा युवाओं को प्रशिक्षण, पूंजी और स्टार्टअप के लिए आसान ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। बिहार में निवेश का अनुकूल वातावरण तैयार कर राज्य को राष्ट्रीय और वैश्विक निवेश का भरोसेमंद केंद्र बनाने की दिशा में सरकार गंभीरता से कार्य करेगी।
अपने सादगी भरे व्यक्तित्व के आधार पर श्री निशांत कुमार ने राजनीति में अलग पहचान बनायी है। उन्होंने साफ कहा कि वो ‘‘ट्रिपल सी’’ यानी क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म के खिलाफ कोई समझौता नहीं करेंगे। श्री निशांत कुमार को सद्भाव यात्रा के दौरान मिला व्यापक जनसमर्थन ये स्पष्ट करता है कि एक नेता के तौर पर राज्य की जनता उन्हें स्वीकार करती है और उनके निर्णयों के साथ काम करने को तैयार है।ेे
इस नई विकास यात्रा में श्री निशांत कुमार के नेतृत्व और संकल्प को नई ऊर्जा के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने मंत्री पद की शपथ लेकर बिहार के युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए समर्पित राजनीति का संदेश दिया है।
