दानापुर मंडल के पूर्व मध्य रेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खगौल के सृजन प्रेक्षागृह में ‘‘70 वां रेल सप्ताह समारोह‘‘ का आयोजन किया गया । इसका उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार एवं श्रीमती निशी देव, अध्यक्षा, दानापुर महिला कल्याण संगठन, उच्च अधिकारियों एवं महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया तथा रेल सप्ताह पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। मोबाइल के लत से होने वाले नुकसान पर एक व्यंग्यात्मक नाटक की प्रस्तुति दी गई जो दर्शकों को खूब पसंद आई।

इस अवसर पर श्री विनोद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जैसा कि आपको मालूम है कि प्रतिवर्ष आपकी निष्ठा, अनुकरणीय कर्तव्यपालन एवं प्रशंसनीय कार्यों के परिणामस्वरूप मंडल स्तर पर आपको पुरस्कृत करने का यह एक प्रयास है। दानापुर मंडल भारतीय रेल का एक महत्वपूर्ण मंडल है जो अपनी उत्कृष्ट पहचान बनाए हुए है। दानापुर मंडल अटूट प्रतिबद्धता के साथ समेकित प्रयास से यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधापूर्ण यात्रा हेतु निरंतर प्रयत्नशील रहता है। इस प्रयास में आप सभी का योगदान सराहनीय रहा है।

मैं लाइन के कर्मचारियों से विशेष रूप से अपील करता हूं कि संरक्षा संबंधी मानकों का विशेष रूप से ध्यान रखें और अपने कार्य स्थल पर सेफ्टी फर्स्ट के सिद्धांत पर काम करें। आज इस अवसर पर पुरस्कृत होने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई l इसके अलावे वे सभी कार्मिक भी बधाई एवं प्रशंसा के पात्र हैं जिन्हें इस बार पुरस्कृत होने का अवसर नहीं मिला है.

इस अवसर पर अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन, श्रीमती निशी देव एवं सदस्याएं, एडीआरएम(इंफ्रा) श्री राजीव कुमार, एडीआरएम(ओपी) श्री वीरेंद्र कुमार, मंडल के सभी शाखा अधिकारी, यूनियन तथा अन्य संगठन के प्रतिनिधिगण, सम्मानित मीडिया के प्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे ।
कार्यक्रम का संचालन श्री अतुल कुमार,वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी ने किया।
