बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि पटना में अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही हैं। जहां हर दिन हत्याएं हो रही है वहीं लूट की घटनाओं में भी काफी वृद्धि हुई है। कल ही पटना में ब्लैक आउट रिहर्सल के समय सुलतानगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुसल्लहपुर हाट में मसाला व्यवसाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
अभी इस मामले पर पुलिस अपराधियों की पहचान में ही लगी हुई थी, वहीं दूसरी ओर पटना शहर के ही पॉश इलाके कंकड़बाग में भी लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। आज ही अहले सुबह कंकड़बाग थाना क्षेत्र में राजद विधायक राहुल कुमार के भाई रोहित कुमार से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना हुई ,और बाइक पर सवार दो बदमाशों ने बीच सड़क पर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और कुछ ही सेकेंड में मौके से फरार हो गए।
एजाज ने आगे कहा कि बिहार में सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है और सरकार के स्तर से अपराध और अपराधियों पर कार्रवाई की दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। ऐसा लग रहा है कि बिहार में अपराधी मस्त है, शासन-प्रशासन पस्त है और सत्ता में बैठे नेता -पदाधिकारी मलाई काटने में व्यस्त है, जिस कारण इस तरह की परिस्थितियों का निर्माण हुआ है। अपराधी जब जहां चाहते हैं अपराध करके निकल जाते हैं और शासन और प्रशासन सिर्फ लकीर पर छड़ी पीटने का काम करती है।
