मुख्यमंत्री जी की घोषणा के आलोक में आज पटना जिला के विभिन्न प्रखंडों के 41 पंचायतों में सहयोग शिविर लगाया जा रहा है, 19 विभागों के काउंटर के माध्यम से जन-समस्याओं का समयबद्ध तथा प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है
======================

प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित होगा, जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

स्थानः पंचायत सरकार भवन / निकटवर्ती सार्वजनिक स्थल
दिनांक: 19.05.2026 (मंगलवार) से शुभारंभ, इसके बाद प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार
समयः सुबह 10:00 बजे से
जिला प्रशासन, पटना की जनता से अपील: सहयोग शिविर में आप अधिक-से-अधिक संख्या में पहुँचें और अपनी समस्या का समाधान पाएं। इसके बारे में अपने परिवार और परिचितों को भी जानकारी दें। अब आपको सरकारी दफ्तर का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा बल्कि अधिकारी आपके द्वार आएंगे।
निःशुल्क हेल्पलाइन: 1100 (सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी के लिए 8 बजे सुबह 8 बजे शाम तक संपर्क किया जा सकता है)

कभी भी ऑनलाइन परिवाद दर्ज करें: सहयोग पोर्टल (sahyog.bihar.gov.in) पर
===============
माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के आलोक में पटना जिला में भी ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के संकल्प को धरातल पर उतारने एवं जन-समस्याओं के त्वरित तथा प्रभावी समाधान हेतु 19 मई से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जनता की समस्याओं का त्वरित एवं विधिवत समाधान कर आवेदकों को लिखित रूप से सूचना दी जाएगी। परिवाद दर्ज करने की तिथि से 30 दिनों के अंदर उसका निष्पादन सुनिश्चित कर सहयोग पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा।
ज़िलाधिकारी, पटना द्वारा शिविर के लिए तिथिवार पंचायतों का रोस्टर निर्धारित किया गया है तथा जिला स्तर से वरीय अधिकारियों को प्रतिनियुक्त करते हुए उन्हें शिविरों का सफल आयोजन कर जन शिकायतों का प्रभावी ढंग से समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र अंतर्गत शिविरों के आयोजन का अनुश्रवण करने के लिए निर्देशित किया गया है।
आज 19 मई को पटना जिला के विभिन्न प्रखंडों के 41 पंचायतों में कैंप लगाया जा रहा है। सहयोग शिविर स्थल पर 19 विभागों का काउंटर तथा स्टॉल भी लगाया गया है जिसके माध्यम से लोगों को योजनाओं का लाभ देने हेतु फैसिलिटेट किया जा रहा है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों सहित सभी स्तरों पर सहयोग शिविरों के आयोजन के संबंध में सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है ताकि लोग इसका लाभ उठाएं। 19 विभागों के काउंटर के माध्यम से जन-समस्याओं का समयबद्ध तथा प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

==================
सहयोग शिविर में आप किन समस्याओं के लिए आएँ?
१.राशन, पेंशन, आवास, मनरेगा इत्यादि योजनाओं से संबंधित समस्याएँ
२.भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन इत्यादि राजस्व मामले
३.जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं अन्य प्रमाण पत्र
४.बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि से संबंधित शिकायतें
५.किसी भी सरकारी योजना से संबंधित समस्या/शिकायत/सुझाव
==================
सहयोग शिविर आयोजन तिथि से 30 दिन पूर्व से आमजन के लिए आवेदन देने की व्यवस्था: ज़िलाधिकारी ने निदेश दिया है कि संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सहयोग शिविर की निर्धारित तिथियों के लिए तीस दिन पूर्व से ही आयोजन स्थल पर आवेदन / परिवाद पत्र प्राप्त करने हेतु कर्मी की उपस्थिति कराते हुये आमजन से आवेदन / परिवाद पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे। मौके पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
====================

ज़िलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्या के त्वरित निराकरण के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं सक्रिय है। इसके लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के आदेशानुसार सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ (Ease of living) के तहत नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाईयों को कम कर उनके जीवन को और आसान बनाने के लिए पटना जिलांतर्गत विभिन्न कार्यालयों में पदाधिकारियों द्वारा आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस (सोमवार एवं शुक्रवार) को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला के सभी सरकारी कार्यालयों में आमलोग अपनी शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी से उनके निर्धारित कार्य-स्थल/कार्यालय कक्ष में निर्धारित अवधि में मिल रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर भी ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के संकल्प को धरातल पर उतारने तथा “आपकी सरकार, आपके द्वार” संकल्पना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण क़दम है। इसके तहत आम नागरिकों को अपनी समस्या, शिकायत एवं सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने तथा उसके द्रुत एवं प्रभावी समाधान का प्रावधान है। अब जनता की हर समस्या का समाधान उनके पंचायत में ही होगा। सभी विभागों के अधिकारी पंचायत में एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगे। लोगों की समस्याओं की सम्मानपूर्वक सुनवाई तथा उसका समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि पंचायतवार सहयोग शिविर सम्बद्ध वरीय पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही है। सहयोग शिविरों को सुगमता एवं सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए 57 नोडल पदाधिकारियों को तैनात किया गया है।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों का निवारण अपरिहार्य है तथा जनता की संतुष्टि अनिवार्य है। पदाधिकारीगण इसे विशेष रुचि लेकर सुनिश्चित करेंगे। परिवादों के सिर्फ निष्पादन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निदेशित किया गया है कि पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ जन-कार्यों के प्रति संवेदनशीलता सुनिश्चित करते हुए योजनाओं का सफल क्रियान्वयन करें ताकि लोगों को सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का ससमय लाभ मिले।

=====================
सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से जानिए अपने पंचायत में आयोजित होने वाली सहयोग शिविर की तिथि और स्थान की जानकारी।
ऑनलाइन परिवाद दर्ज करने के लिए सहयोग पोर्टल sahyog.bihar.gov.in पर विजिट करें।
