भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित “पर्यटक आंकड़ा सर्वे प्रशिक्षण कार्यक्रम” के अंतर्गत बिहार पर्यटन के सभी पर्यटन सूचना अधिकारियों को पर्यटकों के आंकड़ों के संकलन, रिकॉर्डिंग एवं डेटा प्रबंधन से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। पर्यटन निदेशालय सभागार में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष सचिव सह पर्यटन निदेशक श्री उदयन मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। श्री उदयन मिश्रा ने कहा कि सटीक आंकड़े न सिर्फ पर्यटन विकास की रणनीति तय करने में सहायक होंगे, बल्कि स्थानीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने, योजनाएं बनाने, उनके क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज आयोजित इस प्रशिक्षण के मुख्य उद्देश्य पर्यटन आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करना तथा उन आंकड़ों का उपयोग करके भविष्य की पर्यटन योजनाओं और नीतियों को और अधिक सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की उपनिदेशक सुश्री सौम्या मिश्रा तथा सहायक निदेशक श्री सुनील देवे ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए आंकड़ा-संकलन की आधुनिक विधियों, डिजिटल रिकॉर्डिंग प्रणालियों, डेटा प्रमाणिकता और गोपनीयता मानकों पर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड स्तर पर डेटा संग्रहण की चुनौतियों, त्रुटि रहित एंट्री सुनिश्चित करने के तरीकों तथा रिपोर्टिंग फॉर्मेट के मानकीकरण पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया।
इस अवसर पर विभाग के संयुक्त निदेशक श्री राजेश रोशन ने कहा कि पर्यटन विभाग का मानना है कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल और मानकीकृत डेटा संग्रहण प्रणाली बिहार में पर्यटन के सतत और संयोजित विकास में एक निर्णायक भूमिका निभाएगी। विभाग शीघ्र ही प्रशिक्षित अधिकारियों के मार्गदर्शन में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर व्यापक सर्वे की योजना बना रहा है, जिनके आधार पर भविष्य में प्रचार-प्रसार, बुनियादी ढांचा विकास और नीति निर्धारण किये जाएंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप सचिव नेहा कुमारी, सहायक निदेशक केशरी कुमार तथा संबंधित अधिकारी व पर्यटन सूचना कार्यालयों के प्रभारी भी उपस्थित रहे।
