बिहार सरकार की जन शिकायत निवारण एवं सुशासन सुदृढ़ीकरण की पहल सहयोग शिविर का आयोजन पटना नगर निगम क्षेत्र में किया जाएगा। माननीय मुख्यमंत्री की जन-केंद्रित, जवाबदेह एवं संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से, निर्देशानुसार, पटना नगर निगम द्वारा “सहयोग शिविर” का आयोजन प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सभी अंचलों में किया जाएगा।

इसी क्रम में मंगलवार को पूर्वाहन 10 बजे पहला सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। दिनांक 2 जून 2026 को निम्नलिखित स्थलों पर संबंधित अंचल के वार्डों के लिए सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा-
नूतन राजधानी अंचल: मुरलीचक प्राथमिक विद्यालय, जगदेव पथ
पाटलिपुत्र अंचल : गुरु सहाय लेन, सामुदायिक भवन
बांकीपुर अंचल : सामुदायिक भवन, कदमकुआं
कंकड़बाग अंचल: जल संसाधन कार्यालय (करबिगहिया बिजली ऑफिस के सामने )
अजीमाबाद अंचल: ऊर्दू मध्य विद्यालय, नरकट घाट
पटना सिटी अंचल: विश्वकर्मा सामुदायिक भवन, बाहरी बेगमपुर मंडी

30 दिन पूर्व से आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था
सहयोग शिविरों को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा शिविर आयोजित होने की तिथि से 30 दिन पूर्व ही आवेदन एवं परिवाद पत्र प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित शाखाओं द्वारा प्रारंभिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए शिविर के दिन तक अद्यतन प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा, जिससे समस्याओं के त्वरित निष्पादन में सुविधा हो सके।
नागरिक अपने आवेदन एवं शिकायतें निकटतम अंचल कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, वॉट्सऐप चैटबॉट नंबर 9264447449 तथा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 155304 के माध्यम से भी शिविर आयोजित होने से पूर्व अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का विधिवत पंजीकरण एवं अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित शाखाओं को अग्रसारित किया जाए। साथ ही, शिकायतों पर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदकों को उपलब्ध कराया जाएगा।

वार्ड स्तर पर तैनात रहेंगे निगम कर्मी
वार्डवार आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में संबंधित वार्ड के कर संग्राहक, सफाई पर्यवेक्षक एवं सफाई निरीक्षक की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त संबंधित अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी एवं मुख्यालय के सभी वरीय पदाधिकारी अपने प्रत्यक्ष निर्देशन में शिविर की सभी तैयारियों एवं संचालन की निगरानी करेंगे।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा आयोजन
सहयोग शिविर का आयोजन संबंधित वार्ड एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा। इसमें माननीय सांसद, विधायक, महापौर, उप महापौर, वार्ड पार्षद एवं पटना जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि जनसमस्याओं के समाधान में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।
पटना नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज कराएं, ताकि उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
