बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को वाल्मीकिनगर स्थित कन्वेंशन सेंटर में पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं बुद्धिजीवियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा एक बार फिर बिहार की चर्चा किया जाना पूरे राज्य के लिए गर्व और सम्मान की बात है।

प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न राज्यों की विशिष्टताओं, परंपराओं, कृषि उत्पादों और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का निरंतर कार्य कर रहे हैं। ‘मन की बात’ के नवीनतम संस्करण में प्रधानमंत्री ने बिहार के प्रसिद्ध जर्दालू आम की विशेष रूप से चर्चा करते हुए उसकी अद्भुत सुगंध की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जर्दालू आम की खुशबू इतनी विशिष्ट होती है कि उसे दूर से ही पहचाना जा सकता है। साथ ही प्रधानमंत्री ने बिहार की अन्य प्रसिद्ध आम किस्मों चौसा और मालदा का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा की पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, गर्मी से बचाव, महिला सशक्तीकरण तथा देश के अनेक नायकों के प्रेरणादायी योगदान जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचार प्रत्येक देशवासी को निरंतर आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के कृषि उत्पादों और किसानों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलना राज्य के मेहनतकश किसानों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बिहार केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र ही नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। जर्दालू, चौसा और मालदा जैसे आमों की देश-विदेश में मांग बिहार की समृद्ध कृषि परंपरा का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार की सोच ने किसानों, उद्यमियों और छोटे उत्पादकों को नई ऊर्जा प्रदान की है।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को जोड़ने वाला जनसंवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों की उपलब्धियों, नवाचारों और सकारात्मक प्रयासों को सामने लाते हैं तथा देश के लोगों को प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर गोपालगंज जिला अध्यक्ष संदीप गिरी, बगहा विधायक राम सिंह सहित गोपालगंज एवं पश्चिम चंपारण के सम्मानित पदाधिकारी एवं कार्यकताओं और नागरिकों ने भी प्रधानमंत्री मोदी के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के अंत में संजय सरावगी ने कहा कि बिहार के उत्पादों, किसानों और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा किया गया उल्लेख राज्य के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है और इससे बिहार की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई मिली है।
