बिहार सरकार के ‘सहयोग कार्यक्रम’ के अंतर्गत आज दरभंगा सदर प्रखंड के शिशो पश्चिमी और शहबाजपुर पंचायत में आयोजित “सहयोग शिविर” में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शामिल हुए। इस क्रम में उन्होंने सहयोग शिविर के उद्देश्यों को रेखांकित किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित सहयोग शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अगले माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को जिन पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित होने हैं, उनकी सूची शीघ्र तय कर दी जाएगी। इन पंचायतों में अधिकारी लगातार 13 से 14 दिनों तक उपलब्ध रहेंगे और लोगों की समस्याओं एवं आवेदनों का निपटारा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा। यदि किसी आवेदन पर 10 दिनों तक कार्रवाई नहीं होती है तो संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। 20वें दिन पुनः नोटिस और 25वें दिन अंतिम चेतावनी जारी की जाएगी। इसके बावजूद 30 दिनों के भीतर कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध स्वतः निलंबन की कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पुलिस, प्रखंड प्रशासन और भूमि संबंधी मामलों को सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में रखा है क्योंकि सबसे अधिक शिकायतें इन्हीं विभागों से जुड़ी होती हैं। सहयोग शिविरों में सभी विभागों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, लेकिन इन तीन विभागों के मामलों की विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं को केवल मौखिक रूप से न बताएं, बल्कि उन्हें लिखित रूप में रजिस्टर में दर्ज कराएं ताकि उनकी जवाबदेही तय हो सके और निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी लोगों की समस्याओं को पंजीकृत कराने में सहयोग करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में महिला सशक्तिकरण, बुनियादी ढांचे और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। अब राज्य सरकार सुशासन से समृद्धि की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बड़े निवेशकों का बिहार में आगमन शुरू हो चुका है और आने वाले समय में राज्य के प्रत्येक जिले में उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने जीविका स्वयं सहायता समूहों को महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बिहार का विकास देश के विकसित भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करे तथा लोगों को रोजगार और सुविधाओं के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने आवेदनों की प्राप्ति एवं निष्पादन हेतु लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण कर उनके त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर जिले के 326 स्वयं सहायता समूह को 5 करोड़ 12 लाख रुपए की राशि जीविका दीदियों को वितरित किया गया।
इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता के साथ नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन और 267.43 लाख रुपये से नवनिर्मित “अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर” का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवा का लगातार विस्तार हो रहा है। यह स्वास्थ्य केंद्र गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य अवसंरचना और उपचार सुविधाओं के विस्तार को नई गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, दरभंगा जिलाधिकारी कौशल कुमार, दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी, भाजपा प्रदेश सह कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, प्रदेश मंत्री अंजनी निषाद, सदर प्रखंड प्रमुख उदय सहनी, शीशो पश्चिमी पंचायत के मुखिया अजय कुमार ठाकुर सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
