दानापुर मंडल में 15 मई से शुरू होकर 05 जून 2026 तक चलने वाले विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत दिनांक 02.06.2026 को मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाकर यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इसी क्रम में पटना जंक्शन पर नुक्कड़ नाटक: “जलवायु परिवर्तन की चेतावनी” का आयोजन किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन (Climate Change) से होने वाले दुष्प्रभाव से आम यात्रियों को अवगत कराना एवं इससे बचने के लिए पर्यावरण अनुकूल व्यवहार करने के लिए जागरूक करना था।
यह नुक्कड़ नाटक बढ़ते तापमान, अनियमित वर्षा, सूखा, बाढ़, प्रदूषण और वनों की कटाई जैसी समस्याओं पर आधारित था। नाटक में दिखाया जाता है कि मानव गतिविधियाँ—जैसे अत्यधिक ईंधन का उपयोग, पेड़ों की कटाई और प्लास्टिक प्रदूषण—जलवायु परिवर्तन को बढ़ावा दे रही हैं। इसके परिणामस्वरूप पर्यावरण, कृषि, पशु-पक्षियों और मानव जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ रहे हैं। नाटक लोगों को जागरूक करता है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य की पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा।
अंत में संदेश दिया जाता है कि पेड़ लगाना, ऊर्जा की बचत करना, प्रदूषण कम करना और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस नाटक के माध्यम से यात्रियों एवं आम लोगों को “पृथ्वी को बचाना है, तो जलवायु परिवर्तन को रोकना है।” का संदेश दिया गया। इस नाटक के दौरान यात्रियों को उत्साहित करने के लिए “पेड़ लगाओ, धरती बचाओ!””प्रदूषण हटाओ, भविष्य बचाओ!” “आज संभलेंगे, तभी कल सुरक्षित रहेगा!” का नारा भी लगाया गया।
इस अवसर पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्री अभिषेक कुमार तिवारी एवं डीईएनएचएम, श्री विनय कुमार ने भी लोगों से पर्यावरण को बचाने के लिए विशेष अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी एवं यात्री उपस्थित थे।
