बक्सर रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने, रेल परिचालन को सुरक्षित करने और यात्री सुविधाओं को विश्वस्तरीय स्तर पर ले जाने के लिए भारतीय रेल द्वारा कई बड़े विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। डिजिटल तकनीक, सुरक्षा, दिव्यांगजन अनुकूल बुनियादी ढांचे और सुंदरीकरण पर केंद्रित इन विभिन्न परियोजनाओं के तहत बक्सर स्टेशन के लिए लगभग ₹26.35 करोड़ की राशि का कार्य स्वीकृत है एवं कई कार्य प्रगतिशील हैं।

मुख्य स्वीकृत कार्य एवं उनके प्रत्यक्ष लाभ
1. स्टेशन का पुनर्विकास और सुंदरीकरण (Facade Improvement & Redevelopment)
कार्यः बक्सर स्टेशन के उत्तर दिशा के मुखौटे (North-side facade) तथा सर्कुलेटिंग एरिया का सुधार। साथ ही स्टेशन के वृहद पुनर्विकास के लिए तकनीकी-आर्थिक व्यवहार्यता अध्ययन (Consultancy study) I
लाभः बक्सर स्टेशन को एक आधुनिक और आकर्षक लुक मिलेगा। सर्कुलेटिंग एरिया सुधरने से स्टेशन के बाहर जाम से मुक्ति मिलेगी और यात्रियों का आवागमन सुगम होगा।

2. गिट्टी रहित ट्रैक (Ballastless Track) का प्रावधान
कार्यः बक्सर स्टेशन के लाइन नंबर 1, 4 और 5 पर आधुनिक ‘बैलास्टलेस ट्रैक’ का निर्माण (लागतः ₹15.59 करोड़)।
लाभः पटरियों की मजबूती बढ़ेगी, जिससे ट्रेनों का परिचालन अधिक सुरक्षित और तेज गति से हो सकेगा। प्लेटफॉर्म क्षेत्र में ट्रैक की सफाई रखना आसान होगा और जलजमाव की समस्या खत्म होगी।
3. 24 कोच वाली ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार
कार्यः झाझा, बक्सर, दिलदारनगर और राजगीर रूट के तहत बक्सर में 24 कोच लंबाई वाली ट्रेनों को समायोजित करने के लिए प्लेटफॉर्म को ऊंचा उठाना (High level) और उसका विस्तार करना।
लाभः लंबी ट्रेनों के आखिरी डिब्बों के यात्रियों को प्लेटफॉर्म से नीचे उतरने के जोखिम से मुक्ति मिलेगी और बुजुर्गों व बच्चों के लिए ट्रेन में चढ़ना-उतरना सुरक्षित होगा।

4. ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत आधुनिकरण
कार्यः बिजली आपूर्ति का सुदृढ़ीकरण, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली (CIB/TIB कोच और ट्रेन इंडिकेटर बोर्ड), जीपीएस आधारित घड़ियां और अन्य तकनीकी कार्य।
लाभः स्टेशन पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी। यात्रियों को ट्रेनों की रीयल-टाइम स्थिति और कोच पोजीशन की सटीक व डिजिटल जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
5. त्वरित जल आपूर्ति (Quick Watering Facility)
कार्यः बक्सर में CAMTECH डिजाइन के अनुसार क्विक वाटरिंग सुविधा की स्थापना (लागतः ₹4.12 करोड़)।
लाभः स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों में बेहद कम समय (कुछ ही मिनटों) में पानी पूरी तरह भरा जा सकेगा, जिससे ट्रेनों के समय-पालन (Punctuality) में सुधार होगा।
6. चौबीसों घंटे सुरक्षा (CCTV Surveillance) और स्वच्छ पेयजल
कार्यः बक्सर सहित दानापुर मंडल के बुकिंग काउंटरों (UTS/PRS) और माल गोदामों (Goods Sheds) में हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों की स्थापना। साथ ही ऑटोमेटिक क्लोरीनेशन प्लांट की व्यवस्था।
लाभः स्टेशन परिसर और टिकट काउंटरों पर असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी, जिससे रेल यात्री खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे। क्लोरीनेशन प्लांट से यात्रियों को पूरी तरह शुद्ध और बैक्टीरिया-मुक्त पेयजल मिलेगा।

7. दिव्यांगजन यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं
कार्यः दानापुर मंडल के स्टेशनों सहित बक्सर में दिव्यांगजनों के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक सुलभ सुविधाओं का निर्माण।
लाभः रैंप, विशेष शौचालय और सुगम रास्तों के निर्माण से दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को बिना किसी की मदद के स्टेशन पर आवाजाही करने में आसानी होगी।
