दानापुर मंडल के द्वारा रेल मदद के माध्यम से कई शिकायतों का निपटारा चंद मिनटों में हीं कर दिया जाता है। इन सब में एक महत्वपूर्ण सुविधा मेडिकल से संबंधित सुविधा है जिसे सूचना मिलते ही तुरंत एक्शन मोड में त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में दानापुर मंडल के द्वारा लगभग 7068 मामलों में ट्रेनों या स्टेशनों पर जरूरतमंद यात्री को मेडिकल सुविधा प्रदान की गई। इसमें से 6499 मामलों में मेडिकल सहायता चलती ट्रेनों में उपलब्ध कराई गई तथा 569 मामलों में स्टेशनों पर जरूरतमंद यात्री को मेडिकल सहायता प्रदान की गई। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अभी तक 1650 यात्रियों को रेल मदद के माध्यम से प्राप्त सूचना के अनुसार दानापुर मंडल में वार रूम के अंतर्गत 24*7 कार्यरत रेल कर्मियों के द्वारा ट्रेनों में 1541 यात्रियों को मेडिकल सहायता दी जा चुकी है जबकि मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 109 यात्रियों को यह सुविधा प्रदान की जा चुकी है।
रेल मदद के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर वार रूम में कार्यरत रेलकर्मी तुरंत कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारी तथा निकटतम रेलवे चिकित्सा सहायता केंद्र को सूचित करते हैं और उसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यकता अनुसार मेडिकल राहत पहुंचाई जाती है। इन चिकित्सा केंद्रों में कार्यरत डॉक्टर्स जरूरत पड़ने पर तुरंत ट्रेन अथवा स्टेशन पहुंचकर यात्री को आवश्यक चिकित्सीय उपचार देते हैं और अधिक जरूरत पड़ने पर यात्री को किसी अस्पताल में आगे के इलाज के लिए भेज दिया जाता है।
