विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के हर वर्ग और देश के प्रत्येक क्षेत्र के विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी विदेश नीति के कारण विश्व मंच पर भारत की साख और प्रभाव लगातार बढ़ा है। आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत, सक्षम और निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभरा है तथा ‘विश्वगुरु’ बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे देश में समावेशी विकास को नई गति मिली है।
भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में 10 जून, 2026 को देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वतंत्र भारत के दीर्घकालीन प्रधानमंत्री होने का गौरवशाली कीर्तिमान स्थापित करने के उपलक्ष्य में बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने उन्हें आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक कीर्तिमान नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के विश्वास की जीत है। इस अप्रतिम उपलब्धि की सबसे बड़ी शक्ति यही है कि यह जनता के अटूट विश्वास से अर्जित है। श्री मोदी जी ने 2014, 2019 और 2024 — तीनों लोकसभा चुनावों में प्रचण्ड बहुमत से विजय प्राप्त की। नेहरू जी के बाद वे पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने लगातार तीन पूर्ण कार्यकाल तक देश का नेतृत्व किया। यह लोकतंत्र की सर्वोच्च स्वीकृति और भारत की जनता के विवेक का प्रमाण भी है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश के हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए अविस्मरणीय कार्य किया। ‘उज्ज्वला योजना’ ने माताओं-बहनों की रसोई से धुआँ मिटाया, ‘आयुष्मान भारत’ ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच दिया, ‘डिजिटल इंडिया’ ने गाँव-गाँव को तकनीक से जोड़ा तो ‘आत्मनिर्भर भारत’ ने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। अनुच्छेद 370 की समाप्ति, राम मन्दिर का निर्माण और जी-20 की सफल अध्यक्षता — ये निर्णय उनकी अदम्य इच्छाशक्ति और राष्ट्रनिष्ठा के प्रमाण-स्तम्भ हैं।
उनकी दूरदर्शी विदेश नीति ने भारत को ‘विश्वगुरु’ की ओर अग्रसर किया है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को उन्होंने केवल शब्दों तक सीमित न रखकर जी-20 जैसे वैश्विक मंच पर साकार कर दिखाया। आज विश्व के प्रमुख राष्ट्र भारत को एक सशक्त, सम्मानित और निर्णायक स्वर के रूप में देखते हैं — यह परिवर्तन श्री मोदी जी के नेतृत्व की सबसे बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि है।
डॉ प्रेम कुमार ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि श्री मोदी जी की जीवन-यात्रा करोड़ों भारतीयों के लिए एक जीवन्त प्रेरणा-स्तम्भ है। गुजरात की साधारण माटी से उठकर, अदम्य जिजीविषा और अक्षय परिश्रम के बल पर — गुजरात के मुख्यमंत्री से विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री तक की उनकी तपोमय यात्रा यह सिद्ध करती है कि इस लोकतंत्र में समर्पण और जनसेवा का संकल्प रखने वाला कोई भी व्यक्ति सर्वोच्च ऊँचाई तक पहुँच सकता है।
बिहार विधायिका की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए माननीय अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने कहा — “आदरणीय प्रधानमंत्री जी, आपने इस महान राष्ट्र की माटी का मान बढ़ाया है, लोकतंत्र की गरिमा को नई ऊँचाई दी है। बिहार विधान सभा, बिहार की जनता और मैं स्वयं — हम सब आपको कोटि-कोटि नमन करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु एवं आरोग्य रहें और भारत माता की सेवा इसी निष्ठा के साथ सदैव करते रहें।”
