बिहार विधान परिषद् के सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के वो महानायक थे जिन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आदिवासी समाज को संगठित किया तथा अन्याय, शोषण और दमन के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका।
अल्पायु में ही उन्होंने समाज में जागृति लाने, आत्मसम्मान की भावना विकसित करने तथा अपने अधिकारों की रक्षा के लिए जन-आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका जीवन साहस, त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने हमें यह संदेश दिया कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है।
आज उनकी पुण्यतिथि पर हम सभी उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा समतामूलक, न्यायपूर्ण और समृद्ध समाज के निर्माण का संकल्प लें। भगवान बिरसा मुंडा का योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा। भगवान बिरसा मुंडा की पुण्य स्मृति को शत-शत नमन।
