बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने जम्मू एवं कश्मीर प्रवास के दौरान सपरिवार श्रीनगर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक का भ्रमण किया तथा वहां के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व से परिचित हुए।

माननीय अध्यक्ष ने विश्वप्रसिद्ध डल झील में पारंपरिक शिकारा पर नौकविहार का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि डल झील की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण एवं कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देश-विदेश के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। उन्होंने जम्मू एवं कश्मीर में पर्यटन के क्षेत्र में हुए सकारात्मक विकास तथा बेहतर आधारभूत सुविधाओं की भी सराहना की।

अपने प्रवास के दौरान माननीय अध्यक्ष ने विश्वविख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग का भी भ्रमण किया। वहां स्थित गुलमर्ग क्लब में उन्होंने गोल्फ खेला तथा क्षेत्र की प्राकृतिक छटा का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि गुलमर्ग की मनोरम वादियां, हरियाली और विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाएं इसे भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विशेष पहचान प्रदान करती हैं।

माननीय अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर की प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक विविधता और लोगों का आत्मीय व्यवहार देश की “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को और अधिक सशक्त बनाता है। उन्होंने देशवासियों से जम्मू एवं कश्मीर के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर वहां की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का अनुभव करने का आह्वान किया।
