बिहार विधान सभा सचिवालय, बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) तथा प्राइड (लोकसभा सचिवालय) के संयुक्त तत्वावधान में बिहार विधान सभा के माननीय सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय आवासीय “प्रबोधन कार्यक्रम” का आज बिपार्ड, गयाजी में सफलतापूर्वक एवं विधिवत समापन हुआ।
प्रबोधन कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय एवं सकारात्मक सहभागिता रही। भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सहित सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के माननीय सदस्यों ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर यह संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती, संसदीय परंपराओं के संरक्षण तथा जनहित सर्वोपरि रखने के प्रश्न पर सभी दल एकजुट हैं।
विपक्षी दलों के विधायकों की बढ़–चढ़कर भागीदारी प्रबोधन कार्यक्रम की उल्लेखनीय उपलब्धि रही । विभिन्न प्रबोधन सत्रों में सी०पी०आई० ( एम) के श्री अजय कुमार,ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के श्री अख्तरूल ईमान, बसपा के श्री सतीश कुमार सिंह यादव, सी०पी०आई०( एम एल ) (एल) के श्री संदीप सौरभ एवं कांग्रेस के मो० कमरूल होदा ने भी अपने विचार रखे। प्रश्नोत्तर सत्र में भी विपक्ष के विधायकों ने बढ़–चढ़कर हिस्सा लिया। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के मो० मुर्शिद आलम, मो० सरवर आलम, मो० गुलाम सरवर, सी०पी०आई०( एम एल ) (एल) के श्री अरुण सिंह, कांग्रेस के श्री मनोज विश्वास एवं श्री सुरेन्द्र प्रसाद की प्रभावी उपस्थिति इस कार्यक्रम में रही।
